FSDA destroy 100 kg Panchi Brand petha in Agra
आगरालीक्स.. आगरा में गंदगी में बन रहे 100 किलो पंछी पेठा को एफएसडीए की टीम ने नष्ट करा दिया, पंछी पेठा निर्माता को टीम ने गंदगी में पेठा बनाने पर फटकार लगाने के साथ केसर पेठा सहित तीन सैंपल लिए हैं, इन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
आगरा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सिकंदरा इंड्रस्ट्रियल एरिया स्थित पंछी पेठा ब्रांड बना रही निर्माण इकाई पर छापा मारा। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. श्वेता सैनी ने मीडिया को बताया कि कर्मचारी चप्पल पहनकर पेठा बनाने में जुटे थे। जंग लगे बर्तनों में पेठा रखा जा रहा था। टीम ने 100 किलो पेठा नष्ट करवाया। तीन नमूने जांच को भेजे गए हैं।
निर्माण कार्य रुकवाते हुए नोटिस जारी किया है। टीम को गोदाम में बेहद गंदगी मिली। जंग लगे कंटेनर में पेठा रखा हुआ था। फर्श टूटा हुआ था, नालियां चोक थीं, जिसमें दुर्गंध आ रही थी। छत से प्लास्टर झड़ रहा था। पास में ही वेस्ट पड़ा था, जिसमें बदबू आ रही थी। कर्मचारी गंदे कपड़े पहने हुए थे। इनका स्वास्थ्य परीक्षण की रिपोर्ट भी नहीं मिली। कार्य रुकवाते हुए संचालक को नोटिस दिया है। निर्माण कार्य करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम में मंडलीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर सिंह, गुंजन शर्मा, अवधेश पाराशर रहे।
कारोबारी को लगाई फटाकर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सहायक आयुक्त औषधि अजय जैसवाल ने कारोबार कर्ता सुरेश गोयल को जमकर फटकार लगाई। कहा कि प्रतिष्ठित पेठा ब्रांड होने के बावजूद इस हाल में बनाया जा रहा है। उनके निर्देश पर टीम ने केसर पेठा, दूध और केसर का नमूना भरा है।
ब्रजभोग से लिए सैंपल
एफएसडीए की टीम ने ब्रजभोग मिष्ठान खंडेलवाल धर्मशाला मोती कटरा पर छापा मारा। यहां भी गंदगी मिली। खाद्य सामग्री ढकी हुई नहीं थी, इस पर मक्खी भिनभिना रही थीं। कर्मचारी एप्रिन नहीं पहने हुए थे। पास में ही वेस्ट पड़ा हुआ था। टीम ने यहां से चांदी बर्क, केसर लड्डू, खोआ का नमूना लिया। भागूपुर एत्मादपुर स्थित पवन कुमार के प्रतिष्ठान से बर्फी और फतेहपुर सीकरी से काजू बर्फी का नमूना भरा।