आगरालीक्स.. आगरा में फंसे बाहर के लोग और अन्य राज्यों में फंसे आगरा के लोग ट्रेन से आ सकेंगे, कुछ ही घंटे में ट्रेन की बुकिंग शुरू हो जाएगी, सभी कोच एसी होंगे, अभी 15 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन के माध्यम से सोमवार यानी आज शाम चार बजे से आनलाइन ट्रेन की टिकट की बुकिंग कराई जा सकती है।

इन रूट पर चलेगी ट्रेन
15 ट्रेनें नई दिल्ली से डिब्रूगढ़, अगरतला, हावड़ा, पटना, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, सिकंदराबाद, बंगलूरू, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, मडगांव, मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद और जम्मू तवी तक जाएंगी। इनमें वापसी यात्रा भी शामिल होगी। इन ट्रेनों में केवल एसी कोच होंगे और इसका किराया राजधानी ट्रेनों के समान होगा। ट्रेन में फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी क्लास होगी और यह लगभग पूरी क्षमता के साथ चलेंगी। प्रमुख रूट्स पर ट्रेन को रोका जाएगा।
यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुक कराने की अनुमति होगी और रेलवे स्टेशनों पर टिकट बुकिंग काउंटर बंद रहेंगे। प्लेटफार्म टिकट सहित कोई भी काउंटर टिकट जारी नहीं किया जाएगा।
केवल वैध कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को रेलवे स्टेशनों में प्रवेश करने की अनुमति होगी। यात्रियों को सुरक्षा मंजूरी के लिए समय पर स्टेशन पहुंचने के लिए कहा जा सकता है।
यात्रियों के लिए इन ट्रेनों में फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसमें केवल वातानुकूलित (एसी) कोच होंगे और प्रीमियम राजधानी ट्रेनों के बराबर किराया वसूला जाएगा।
