आगरालीक्स ..(Agra News 23rd December).आगरा में यूपी का दूसरा इंटरनेट एक्सचेंज खुल रहा है, इससे 209 सर्विस प्रोवाइडर जुड़ेंगे। मेट्रो शहरों की तरह से आगरा में इंटरनेट की स्पीड मिलेगी।
यूपी में नोएडा में ही इंटरनेट एक्सचेंज है। नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज आफ इंडिया के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार जैन का कहना है कि आगरा में इंटरनेट सुविधा नोएडा इंटरनेट एक्सचेंज के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है। इंटरनेट की सुविधा में सुधार के लिए यूपी में सात इंटरनेट एक्सचेंज बनाए गए हैं। इसमें आगरा, प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, कानपुर में इंटरनेट एक्सचेंज हैं।

आज आगरा सहित सात शहरों में होगा लोकार्पण
आगरा सहित सात शहरों में इंटरनेट एक्सचेंज खुलने जा रहा है। केंद्रीय राज्यमंत्री इलेक्ट्रोनिक्स एंड आईटी राजीव चंद्रशेखर इंटरनेट एक्सचेंज का लोकार्पण करेंगे। यहां आगरा में होटल होली डे इन में केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
209 सर्विस प्रोवाइडर जुड़ेगे, इंटरनेट की स्पीड हो जाएगी तेज
आगरा इंटरनेट एक्सचेंज से 209 सर्विस प्रोवाइडर जुड़ेंगे, इंटरनेट एक्सचेंज खुलने से आगरा में इंटरनेट यूजर्स को फायदा होगा, इंटरनेट की स्पीड तेज हो जाएगी। एक क्लिक पर डाउनलोड और वेबसाइट खुल सकेंगी। आज के दौर में सभी काम इंटरनेट पर हो रहे हैं, ऐसे में आगरा में इंटरनेट एक्सचेंज खुलने से इंटरनेट इस्तेमाल करने में सुगमता होगी।