मथुरालीक्स…(15 June 2021 Mathura) मथुरा से बड़ी खबर. बारिश में बाइक सहित नाले में डूबे तीन युवक. एक को निकाला, दो के लिए रेस्क्यू जारी. आंधी तूफान ने मचाई तबाही.
जलभराव होने से नाले में डूबे बाइक सवार
मथुरा से बड़ी खबर सामने आई है. यहां बारिश के दौरान उफने नाले में बाइक सहित तीन युवक डूब गए. एक युवक को तो बचा लिया गया लेकिन दो युवकों का अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस द्वारा युवकों का रेस्क्यू समाचार लिखे जाने तक जारी था. बता दें कि मथुरा में शाम को अचानक मौसम बदल गया. यहां तेज आंधी और तूफान के साथ झमाझम बारिश होने लगी. बारिश के कारण कई जगह नाले उफन गए और जलभराव हो गया. कई गाड़ियों पर पेड़ गिर गए. वहीं जलभराव से बचने के लिए बाइक सवार तीन युवक करीब 8.30 बजे भूतेश्वर पुल के नजदीक होकर केआर डिग्री कालेज के निकट स्थित कैलाश नगर कालोनी से होकर निकल रहे थे. इस दौरान यहां भी काफी जलभराव हो रहा था. जिससे तीनों बाइक सवार युवक यहां नाला होने का अंदाजा नहीं लगा सके और बाइक सहित नाले में गिर कर डूबने लगे.
चीख पुकार पर पहुंचे लोगों ने एक युवक को बचाया
युवकों ने चीख पुकार मचाई तो स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए भागे.लोगों ने एक युवक को तो बचा लिया गया, लेकिन दो युवकों का पता नहीं चल पाया. इधर घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई. आनन फानन में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई. लेकिन नाले से ऊपर तक जलभराव होने के कारण नाले में डूबे दोनों युवकों का पता नहीं चल सका. समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू किया जा रहा है. युवकों के डूबने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भी काफी भीड़ एकत्रित हो गई थी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तीनों युवक यमुनापार के हैं. फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया.
नाले में से निकाली बाइक, युवकों की तलाश अब भी जारी
मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम आ गई. दोनों युवक तो नहीं मिल सके थे लेकिन नाले में डूबी बाइक को निकाल लिया गया था. जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 85 बीजे 5928 किसी कृष्ण कुमार सोनी के नाम पर था. पुलिस युवकों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी थी. पुलिस युवकों की तलाश कर रही है.

आंधी तूफान ने मचाही तबाही, गाड़ियों पर गिरे पेड़
बुधवार की शाम को अचानक आई आंधी तूफान ने तबाही मचा दी. जिले में कई स्थानों पर पेड़ गिर पड़े. कई पेड़ गाड़ियों के ऊपर गिरे, जिसके कारण वो क्षतिग्रस्त हो गईं. वहीं इसके बाद आई मूसलाधार बरसात के चलते पूरे शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई. शहर के मंडी चौराहा, मसानी चौराहा, भूतेश्वर पुल, नए बस स्टेंड के नीचे काफी पानी भर गया. जिससे वहां से निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. हाईवे पर भी पानी भरे होने से कई जगह जाम लग गया था. इससे वाहनों की कतारें लग गईं. वाहन चालक जाम खुलने का इंतजार कर रहे थे.