आगरालीक्स…पहले दिन 385 सीनियर सिटीजंस ने लगवाई कोरोना वैक्सीन. दिखा उत्साह. अस्पतालों में फूल देकर किया वेलकम
आगरा में तीन स्थानों पर लगाई गई वैक्सीन
आम लोगों को वैक्सीनेशन सोमवार से शुरू हो गया. अभी सबसे पहले सीनियर सिटिजंस यानी 60 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है. इसके अलावा बीमारी से ग्रसित 45 साल से ऊपर के लोगों को भी सोमवार को वैक्सीन लगाई गई. बात आगरा की करें तो आगरा में सोमवार को तीन स्थानों पर वैक्सीन लगाई गई. इनमें दो सरकारी अस्पताल— एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल तथा एक निजी अस्पताल रामबाग स्थित चौहान हॉस्पिटल हैं.
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि सुबह से ही लोगों में वैक्सीन लगवाने को लेकर उत्साह देखा गया. अस्पताल में सीनियर सिटिजंस जब आए तो उनका फूल देकर वेलकम किया गया. पूरी प्रक्रिया के बाद उनको वैक्सीन लगाई गई. इस दौरान किसी को भी कोई परेशानी नहीं हुई. जिला अस्पताल में पहले दिन 97 लोगों को वैक्सीन लगाई गई.
एसएन अस्पताल में सुबह के समय कोविन एप काम नहीं कर रहा था. करीब साढ़े 11 बजे तक इसके कारण बाधा बनी रही. हालांकि जब बाद में ये वेबसाइट खुली तो वैक्सीनेशन आरंभ किया गया. यहां भी लोगों को फूल देकर वेलकम किया गया. एसएन में सोमवार को 188 लोगों को वैक्सीन लगाई गई.
रामबाग स्थित चौहान नर्सिंग होम में भी सोमवार को वैक्सीन लगाई गई. वैसे तो निजी अस्पतालों में 250 रुपये वैक्सीनेशन का चार्ज है लेकिन चौहान हॉस्पिटल की ओर से पहले दिन बुजुर्गों को निशुल्क वैक्सीन लगाई गई. अस्पताल प्रबंधन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पहले दिन यहां 100 लोगों को वैक्सीन लगाई गई और वो भी फ्री.