आगरालीक्स …जर्मनी में नौकरी दिलाने के लिए महिला सहित चार लोगों को इंटरव्यू के लिए आगरा के होटल में बुलाया, 10 लाख रुपये लिए और नशीला पदार्थ देकर ठग फरार हो गए। होश आने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
केरल में प्रकाशित एक न्यूज पेपर में नौकरी का विज्ञापन देखा था। इसमें से मोबाइल नंबर लेकर बात की। चारों लोग पहले विदेशों में नौकरी कर चुके हैं। अभी बेरोजगार हैं। फोन पर बात करने वाले ने अपना नाम रोबिन फर्नांडीज बताया। उसके साथ उसका एक और साथी था। इनके बीच काफी बातचीत होने के बाद रोबिन ने कहा कि उसकी कंपनी का हेड आफिस आगरा में है। इंटरव्यू होगा, इसके बाद जर्मनी में नौकरी मिलेगी। वीजा भी आगरा में दिया जाएगा।
सोमवार को कनक महालक्ष्मी और नीलकंडा पिल्लई विद्या नारायण केके और पोलीस केएन आ गए। रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही रोबिन और उसका साथी वहां मिले। इन्हें रेस्टोरेंट में ले गए। चारों को सिटी स्कवायर और होटल अरेबिया में रूम दिलवा दिया।
नौकरी पक्की और ले लिए 10 लाख रुपये
ठगों ने कहा कि चार ही वेकेंसी है, इसलिए सलेक्शन पक्का मानते हुए सिक्योरिटी मनी जमा करने के लिए कहा, विद्यानारायण के साथ आईसीआईसीआई बैंक जाकर उसकी चेकबुक के माध्यम से चार लाख 20 हजार रुपये कैश निकलवाया। पोलीस के पास कई बैंकों के एटीएम कार्ड थे। उससे चार लाख रुपये लिए। नीलकंडा से कैश लिया। इसके बाद इनसे कहा कि थोड़ी देर में सलेक्शन लेटर लेकर पहुंच रहे हैं।
उन्हें रेस्तरां में कोल्ड ड्रिक पिलाई और लंच कराया। इसमें नशीला पदार्थ दे दिया। जैसे ही ये लोग होटल पहुंचे, चक्कर आया और बेहोश हो गए। मंगलवार सुबह होश आने पर पुलिस को बताया। ताजगंज में केस दर्ज कराया गया है।दोनों ठग पैसा निकलवाने के लिए पीड़ितों के साथ बैंक और एटीएम गए थे। पुलिस को उम्मीद है कि इनके चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए होंगे। दोनों जगह से फुटेज निकलवाई जा रही है। फोन स्विच आफ आ रहे हैं। इनकी काल डिटेल निकलवाई गई है। होटल सिटी स्कवायर एंड स्वीट्स में ठहरे दोनों पीड़ितों ने होटल संचालकों को मदद के लिए धन्यवाद का पत्र दिया। उनके पास वापसी के लिए किराया भी नहीं बचा था। इस पर होटल संचालक ने उन्हें किराया भी दिया।
Leave a comment