आगरालीक्स…(21 January 2022 Agra News) आगरा आए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा. बसपा के पांचवें पूर्व विधायक को भी कर गए भाजपा में शामिल…नौ सीटों में से तीन पर उतारे बसपा के पूर्व विधायक
तीन बसपा के पूर्व विधायकों को बनाया भाजपा ने प्रत्याशी
आगरा में बसपा से पूर्व विधायक रह चुके कालीचरण सुमन भी आज भाजपा में शामिल हो गए. कालीचरण सुमन पांचवें ऐसे पूर्व विधायक हैं जिन्होंने बसपा का दामन छोड़कर भाजपा का दामन थामा है. इससे पहले बसपा के पूर्व विधायकों में भगवान सिंह कुशवाह, छोटेलाल वर्मा, धर्मपाल सिंह भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं. फतेहपुर सीकरी सीट से बसपा की सीट पर विधायक रह चुके स्व. सूरजपाल सिंह ने भी आखिरी समय भाजपा का दामन थाम लिया था. भाजपा ने इस बार विधानसभा चुनावा में बसपा के पूर्व विधायकों पर अपना भरोसा जताया है और इनमें से धर्मपाल सिंह को एत्मादपुर, छोटेलाल वर्मा को फतेहाबाद और भगवान सिंह कुशवाह को खेरागढ़ से अपना प्रत्याशी भी बनाया है. ऐसे में भाजपा ने न सिर्फ बसपा के वोट बैंक में अपनी सेंधमारी की है बल्कि सीटें जीतने का मजबूत प्लेटफार्म भी तैयार किया है.


कालीचरण सुमन भी हुए आज भाजपाई
शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा में थे. उन्होंने राजेश्वर महादेव मंदिर पर पूजा अर्चना की और इसके बाद होटल रमाडा में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की. इस दौरान रालोद से टिकट न मिलने से नाराज कालीचरण सुमन ने रालोद को छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा का दुपट्टो ओढ़ाया. कालीचरन सुमन ने आरोप लगाया कि रालोद की जिला अध्यक्ष ने टिकट के लिए 20 लाख रुपये की डिमांड की थी. डिमांड पूरी न होने पर किसी और प्रत्याशी को उतार दिया.
आगरा आसपास की 20 सीटों पर जीतने का किया मंथन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक में कार्यकताओं व पदाधिकारियों के साथ आगरा व आसपास की 20 विधानसभा सीटों को जीतने के लिए रणनीति बनाई. मतदाताओं को रिझाने से लेकर सभी सीओं को कैसे भाजपा के पक्ष में किया जाए इसके लिए चर्चा की गई. उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया को अपना अहम हथियार बनाने के लिए कहा.