आगरालीक्स… आगरा के एक बडे कारोबारी को महिला ने हनी ट्रैप के जाल में फंसा लिया, वीडियो बनाकर ब्लैक मेल करने लगी, उसने साथी कारोबारी से मदद मांगी तो वह भी उसे ब्लैक मेल कर रहा है। इस मामले में कारोबारी ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के कमला नगर निवासी 70 वर्षीय कारोबारी के ड्राइवर ने उनकी मुलाकात एक महिला से कराई, महिला ने कारोबारी को जाल में फंसा लिया। एक दिन कारोबारी से मिलने के लिए पहुंची महिला का ड्राइवर ने आपत्तिजनक वीडियो बना लिया, इसके बाद महिला और ड्राइवर उन्हें ब्लैक मेल करने लगे, उनसे 20 लाख रुपये ले लिए। वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगे।
साथी कारोबारी से ली मदद
70 साल के कारोबारी ने अपने एक मित्र को इस मामले की जानकारी दी, उन्होंने कमला नगर निवासी एक और कारोबारी से मिलवाया, उन्होंने जेल में बंद एक बदमाश से मुलाकात कराई। बदमाश ने ड्राइवर को धमकी दी कि वह कारोबारी को ब्लैक मेल न करे।
ड्राइवर ने कारोबारी से लिखवाया कि समझौता हो गया
बदमाश की धमकी के बाद ड्राइवर ने कारोबारी को ब्लैकमेल करना बंद कर दिया, ड्राइवर अपने साथ कारोबारी को लेकर गया, पालीवाल पार्क पर कारोबारी की कनपटी पर तमंचा लगाकर लिखवा लिया कि मुझे ड्राइवर से कोई शिकायत नहीं हैं। हमारे बीच समझौता हो गया है। इसके बाद से ड्राइवर ने ब्लैकमेल करना बंद कर दिया।
कारोबारी भी कर रहा ब्लैकमेल
70 साल के पीडित कारोबारी का आरोप है कि उन्होंने अपने साथी कारोबारी से मदद ली थी, अब वह भी ब्लैकमेल कर रहा है। इस मामले में कारोबारी ने एएसपी श्लोक कुमार से शिकायत की है, थाना न्यू आगरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। इससे पहले भी आगरा में हनीट्रैप के केस हो चुके हैं, युवतियां कारोबारी को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल कर रही हैं।