आगरालीक्स…(3 October 2021 Agra News) आगरा से लखनऊ फ्लाइट से जाने वाले बढ़ रहे. बेंगलोर जाने वाले अधिक. जानिए रविवार को कितनों ने किया आगरा से हवाई सफर
बेंगलोर, अहमदाबाद के बाद लखनऊ शुरू
आगरा से लखनऊ के लिए फ्लाइट शुरू हो चुकी है. फिलहाल आगरा से बेंगलोर, अहमदाबाद और लखनऊ के लिए फ्लाइट जा रही है. आगरा से बेंगलोर और अहमदाबाद के लिए पहले से ही विमान सेवा चालू है जबकि एक अक्टूबर से लखनऊ कें लिए आगरा एयर कनेक्ट हुआ हे. इसके अलावा अहमदाबाद से नागपुर के लिए भी आगरावासी फ्लाइट से जा रहे हैं. लगातार हवाई यात्रा करने वालों की संख्या भी बढ़ रही है.
रविवार को इतने लोगों ने किया सफर
रविवार को आगरा से लखनऊ और बेंगलोर के लिए फ्लाइट आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से गई. 70 सीटर विमान में लखनऊ से आगरा जहां 23 लोगों ने सफर किया तो वहीं आगरा से 40 लोगों ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी. वहीं बात बेंगलोर की करें तो आगरा से 177 लोगों ने बेंगलोर के लिए हवाई सफर किया तो वहीं बेंगलोर से आगरा 187 लोग विमान से आए.
लॉन्ग रूट्स की पहले डिमांड
आगरा टू लखनऊ फ्लाइट शुरू होने को आगराइट्स अच्छा बता रहे हैं लेकिन उनका मानना है कि सबसे पहले आगरा से ज्यादा दूरी वाले शहर कनेक्ट हों तो ज्यादा अच्छा रहेगा. उनका मानना है कि आगरा टू अहमदाबाद हो या फिर बेंगलोर, ये दोनों ही फ्लाइट आगरा से सक्सेसफुल रन कर रही हैं. इसकी वजह ये है कि ये दोनों शहर आगरा से काफी दूर हैं और लोग इन शहरों के लिए फ्लाइट से ही जाना पसंद करते हैं. आगरा टू लखनऊ के लिए एक्सप्रेसवे सबसे उचित मार्ग है, जिसपर से इन दो शहरों की दूरी कुछ ही घंटों में तय की जा सकती है.
इन शहरों के लिए बढ़ रही डिमांड
आगरा से अब अन्य शहरों के लिए भी फ्लाइट की डिमांड की जा रही है. इनमें पटना, देहरादून, वाराणसी, हैदराबाद, गोवा, कोलकाता, अमृतसर जैसे शहर शामिल हैंं. लोगों का कहना है कि अगर इन शहरों के लिए भी फ्लाइट आगरा से मिलने लग जाएं तो काफी बेहतर होगा.