आगरालीक्स…(6 October 2021 Agra News) आगरा में धूप की तपिश इतनी अधिक है कि शरीर जल रहा है. अक्टूबर में जून जैसी गर्मी है. लोगों में बेचैनी की शिकायत अधिक. बुधवार को रिकॉर्ड रहा तापमान
तापमान सामान्य से कहीं अधिक
अक्टूबर माह का पहला सप्ताह बीतने वाला है, लेकिन आगरा में गर्मी इस समय ऐसी पड़ रही है कि मानो जून का महीना चल रहा है. तापमान हर दिन बढ़ रहा है. दिन के साथ रात के समय भी गर्मी बहुत पड़ रही है. इस वजह से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. सुबह से ही सूर्य की तेज किरणों की तपिश शुरू हो जाती है. दोपहर में तो सूर्य की तेज रोशनी की वजह से पांच मिनट भी राह चलना मुश्किल हो गया है. धूप में निकलने पर ऐसा लगता है कि मानो शरीर जल रहा हो. पांच मिनट में ही लोग पसीना से तरबतर हो रहे है और लोगों का प्यास से गला सूख रहा है. बुधवार को भी आगरा का तापमान सामान्य से अधिक रहा. अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री तक है जो कि सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक है. तापमान अधिक होने के कारण ही लोगों के लिए गर्मी दिन में असहनीय हो गई है.
दिन में धूप में निकलने से बच रहे लोग
गर्मी के कारण कामकाजी लोग ज्यादा प्रभावित हो रहे है. सुबह 10 बजे के बाद से ही लोगों को धूप में खड़ा होना मुश्किल हो जाता है. जरूरी काम होने पर ही लोग दोपहर के समय बाहर निकल रहे हैं. वहीं गर्मी बढ़ने के कारण एक बार फिर से कूलर और एसी चलना शुरू हो गए हैं. क्योंकि पंखे की हवा इतनी गर्म है कि उसके नीचे बैठना भी मुश्किल हो रहा है.
लोगों में बढ़ रही बेचैनी की शिकायत
मौसम के इस परिवर्तन के कारण लोग बीमार भी बहुत हो रहे हैं. शहर और देहात में लोग पहले से ही डेंगू और वायरल बुखार से परेशान हैं. देहात इलाकों में तो डेंगू का प्रभाव कहीं अधिक देखने को मिल रहा है. इसके अलावा शहर के अस्पतालों में भी इस समय भीड़ लगी हुई है. सबसे अधिक शिकायत लोगों में बेचैनी की हो रही है. ब्लड प्रेशर लॉ हो रहा है, हाथ पैर ठंडे हो रहे हैं. काम करने में मन नहीं लग रहा है.
अभी और पड़ेगी गर्मी
कल से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं. यूं तो अक्सर देखा गया है कि शारदीय नवरात्रों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगता है लेकिन इस बार मौसम का कुछ अलग ही रूप देखने को मिल रहा हे. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में आगरा का तापमान कम होने की जगह बढ़ता हुआ दिखाई देगा. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है.