
एक जनवरी को सीबीआई, गाजियाबाद से आई टीम ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुखदेव शर्मा को 35 हजार रुपये और आगरा फोर्ट के मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक रजनीश चाहर को छह हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। सीबीआई एंटी करप्शन विंग की तीन सदस्यीय टीम गुरुवार की दोपहर दो बजे टीम ने आगरा फोर्ट पहुंचकर रिजर्वेशन काउंटर के कई बाबुओं के बयान दर्ज किए। टीम ने मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक के दफ्तर में कई घंटे तक रेलवे के कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद टीम ने आगरा फोर्ट स्टेशन पर पार्सल विभाग के खेल के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए काफी देर तक पड़ताल की। टीम शाम को आगरा कैंट स्थित डीआरएम कार्यालय पहुंची। सूत्रों ने बताया कि यहां टीम ने वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों से बातचीत की। उधर, आगरा कैंट में आपरेटिंग डिपार्टमेंट में भी कुछ कर्मचारियों से पूछताछ की गई।
30 कर्मचारी
रिश्वत कांड में दो कर्मचारियों के पकड़े जाने के बाद इलाहाबाद रेल मंडल ने इलाहाबाद, आगरा मंडल और झांसी मंडल के ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट बनाई है, जिन पर रिश्वत लेने संबंधी शिकायतें हैं। जीएम रेलवे ने तीनों मंडलों के भ्रष्ट कर्मचारियों की सूची बनाने और कार्रवाई करने के लिए रेलवे की विजिलेंस को निर्देश दिए हैं। विजिलेंस ऐसे कर्मचारियों की निगरानी कर रही है। हाल में आगरा आए जीएम रेलवे अरुण सक्सेना ने इस बाबत मीडिया को भी जानकारी दी थी।
Leave a comment