आगरालीक्स …(Agra News 26th October) आगरा में शिलान्यस के पत्थरों में विधायक का नाम छोटे अक्षरों और मेयर का नाम बड़े अक्षरों में लिखने पर तकरार। जनता का दर्द भूल, चुनाव से पहले राजनीति गर्माई। वैसे नाम में क्या रखा है।
आगरा में सोमवार को विकास भवन में जिला विकास समन्वयक एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक हुई। बैठक में अम्रत एवं स्मार्ट सिटी सहित 33 योजनाओं की समीक्षा की जानी थी लेकिन चर्चा नाम को लेकर शुरू हो गई। बैठक में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि विकास कार्यों के शिलान्यास के पत्थरों पर उनका नाम छोटे अक्षरों और चौथे नंबर पर लिखा जा रहा है, इसे लेकर मेयर नवीन जैन से तकरार शुरू हो गई।

मेयर और विधायक आमने सामने
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि शिला पटिटका पर उनका नाथ चौथे नंबर पर छोटे अक्षरों में लिखा जाता है, यह मेरा अपमान है। उन्होंने समिति के अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को संबोधित करते हुए कहा कि शिलान्यास के पत्थरों पर शासन के आदेश का पालन नहीं हो रहा है। माननीय मुख्यमंत्री का नाम सबसे पहले और बड़े अक्षरों में होना चाहिए लेकिन उनका नाम नगर आयुक्त के बराबर से छोटे में लिखा जा रहा है। नगर आयुक्त से कई बार पूछा लेकिन कुछ बताते नहीं हैं। विधायक का नाम चौथे नंबर पर छोटे अक्षरों में लिखा जा रहा है, ये शासनादेश के अनुरुप नहीं है, ऐसे पत्थरों को उखाड़ा जाए। ये अपमान है और मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया है।
मेयर बोले
मेयर नवीन जैन ने कहा कि मैं नगर निगम का हैड आफ डिपार्टमेंट हूं। नगर निगम की निधि काम कराए हैं। नियमावली के तहत काम हो रहे हैं, हमें नियम बनाने का अधिकार है, शासन को अवगत करा दिया है।
(सांकेतिक फोटो)