आगरालीक्स…(1 November 2021 Agra News) आगरा में दो दिन से कोरोना का एक भी मरीज नहीं है, लेकिन फिर भी जानिए क्यों स्वास्थ्य विभाग ने कहा — मास्क पहनकर मनाए खुशियों वाली दिवाली
मास्क न पहने से बढ़ रहा सांस संबंधी रोग
आगरा के लिए बड़ी राहत की बात ये है कि दो दिन से आगरा में कोरोना का एक भी मरीज नहीं है. आगरा कोरोना फ्री हो गया है. लेकिन इसके बाद भी आगरा के स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस बार दिवाली मास्क पहनकर ही मनाएं तो ज्यादा बेहतर होगा. सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के वक्ष एवं क्षय रोग विभाग के विभाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि दशहरा के बाद से ही हवा में नमी आ जाती है और हवा गर्मी की तुलना में अधिक प्रदूषित होने लगती है. ओपीडी में बीते कुछ दिनों से 5 से 15 प्रतिशत तक श्वांस रोगी बढ़े हैं. उन्होंने बताया कि मास्क पहनना लोगों ने बंद कर दिया है, इस कारण मरीजों की संख्या बढ़ रही है. ऐसे में श्वांस, सीओपीडी, अस्थमा सहित जिन मरीजों को कोरोना का संक्रमण हुआ था ऐसे मरीज ट्रिपल लेयर मास्क पहनें. मास्क आपको धूल, धुवां और कोविड संक्रमण से बचाएगा.
कंस्ट्रक्शन वर्क के कारण भी प्रदूषण बढ़ा
डॉ. संतोष ने बताया कि इस वक्त शहर में कंस्ट्रक्शन के कारण धूल उड़ रही है, बाजारों में भी अचानक आवागमन बढ़ा है, वाहनों की गतिविधि बढ़ने से वातावरण में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है. उन्होंने कहा कि जिनके घरों में श्वांस रोगी हैं,वे एक दिन में ही सफाई न करें. धीरे-धीरे करके घर की सफाई करें. उन्होंने कहा कि सफाई करते वक्त ट्रिपल लेयर मास्क पहनें.
आगरा का कोरोना अपडेट
आगरा में फिलहाल कोरोना का कोई भी केस नहीं है. पिछले 24 घंटे में 4185 लोगों की जांच की गई जिसमें से एक भी कोरोना मरीज आगरा में नहीं मिला है. बता दें कि आगरा में अब तक 25765 कोरोन मरीज मिल चुके हैं जिनमें से 25307 मरीज इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं जबकि 458 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है.