आगरालीक्स…धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव शुरू…बाजारों में सुबह से ही उमड़ रही ग्राहकों की भीड़…रात को आकर्षक रोशनी से जगमगा रहीं मार्केट्स
आज धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व शुरू हो गया है। बाजारों में दीपोत्सव की रौनक बिखरी हुई है। बाजार की हर दुकान सजी हुई है। आज धनतेरस की बिक्री होगी तो कल छोटी दिवाली मनाई जायेगी। चार नवम्बर को दीपावली का पर्व है। इस दिन दीपमालाएं सजाई जायेंगी तो पटाखों का जमकर धूम धड़ाका होगा। पांच नवम्बर को गोवर्धन पूजा हो तो छह नवम्बर को भाई दौज का त्योहार मनाया जायेगा।
आज धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है। बाजारों में धनतेरस की छटा बिखरी हुई है। सुबह जल्दी ही बाजार खुल गये हैं। हर दुकान सजी हुई है। बाजारों में सुबह से खरीददार पहुंचने लगे हैं। आज के दिन बर्तन और गहने खरीदना शुभ माना जाता है। खासकर बर्तनों की खरीद की परंपरा लम्बे समय से चली आ रही है। हर व्यक्ति अपनी आवश्यकतानुसार कुछ न कुछ बर्तन जरूर खरीदता है।
आज बर्तनों की दुकानें सुबह से ही सज गयी हैं। दुकानों पर ग्राहकों का आना भी शुरू हो गया है। दुकानों पर धीरे-धीरे खरीददारों की भीड़ बढ़ती जा रही है। दुकानों पर पीतल, तांबे, स्टील, कांसा, एल्युमीनियम के बर्तन सजे हुए हैं। लोग अपनी आवश्यकता बर्तन खरीद रहे हैं। खरीददारों में महिलाओं की संख्या अधिक है। पहले कभी पीतल-तांबे के बर्तन खरीदने का चलन था लेकिन अब स्टील के बर्तन ज्यादा खरीदे जा रहे हैं।
धनतेरस पर सोना-चांदी के आभूषण खरीदना भी शुभ माना गया है। आभूषणों की खरीददारी के लिए खरीददार शोरूम और सर्राफ की दुकानों पर पहुंच रहे हैं। महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार आभूषणों का चयन कर रही हैं। हल्के आभूषणों की खरीद ज्यादा हो रही हो रही है। इस साल सोने के भाव पिछले साल की तुलना में कम है इसलिए सोने के आभूषणों की खरीद ज्यादा हो रही है। इसके अलावा चांदी के बर्तन खरीदे जा रहे हैं। सोने-चांदी के सिक्कों की भी जमकर बिक्री हो रही है।