आगरालीक्स…(1 December 2021 Agra News) आगरा में दो दूल्हे करते रहे बैंड बाजे वाले का इंतजार पर वो नहीं आया. शादी होने के बाद पहुंच गए थाने—बोले, इसके कारण शादी में हुई हमारी बेइज्जती.
थाने में की शिकायत
आगरा में दो दूल्हे बारात चढ़ने के लिए बैंडबाजे का इंतजार करते रह गए लेकिन बैंड बाजा वाला नहीं आया. शादी होने के बाद दोनों दूल्हे सीधे थाने पहुंच गए और बैंड बाजा के खिलाफ शिकायत दी. उनका कहना है कि एडवांस पैसा लेने के बाद भी बैंड नहीं आया इसके कारण दुल्हन पक्ष में हमें बेइज्जती का भी सामना करना पड़ा. दोनों ने बैंड बाजे के खिलाफ आरोप लगाया कि बाद में वो धमकी देने लगा. पुलिस ने बैंड बाजा वाले को भी पूछताछ के लिए बुलाया है.

हरीपर्वत क्षेत्र का है मामला
मामला कुछ ऐसा है कि हरीपर्वत थाना क्षेत्र के लंगड़े की चौकी में रहने वाले कमल और सुरेश दो भाई हैं. दोनों की बारात 21 नवंबर को मोती महल क्षेत्र में गई. दोनों ने क्षेत्र के महेंद्र बैंड को इसकी बुकिंग करवाई थी. एडवांस पैसा भी दे दिया. आरोप है कि एडवांस लेने के बाद भी बैंड संचालक ने बैंड नहीं भेजा. कई बार फोन करने पर भी वह नहीं आया. इसके चलते रात 11 बजे तक इंतजार होता रहा लेकिन बैंड नहीं आया. उन्होंने किसी तरह तुरंत दूसरा बैंड मंगाकर बारात को चढ़वाया. कमल और सुरेश का कहना है कि दुल्हन पक्ष के कई लोगों ने बैंड न आने पर उन्हें उलाहना तक दी जिसके कारण उन्होंने अपनी बेइज्जती महसूस की.
बैंड वाले ने कहा—जो करना है कर लो
इधर कमल और सुरेश का कहना है कि बाद में बैंड वाले ने उन्हं धमकियां तक दी और कहा कि जो करना है कर लो. दोनों ने बैंड संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. पुलिस का कहना है कि बैंड संचालक के खिलाफ तहरीर दी गई है. जांच के आदेश दिए गए हैं. बैंड संचालक को बुलाया गया है.