आगरालीक्स ..(रामकुमार शर्मा)… आगरा में भगवा खेमे में पैराट्रूपर्स की एंट्री, दो बार पूर्व विधायक भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं, उनके भाजपा में शामिल होने की तिथि भी निर्धारित कर दी गई है।
खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से दो बार हाथी की सवारी कर विधायक बने भगवान सिंह कुशवाह जल्द ही बीजेपी में शामिल होंगे। इस मामले में प्रदेश नेतृत्व से हरी झंडी मिल गई है। भगवान सिंह कुशवाह के भाजपा में शामिल होने की संभावित तिथि 12 दिसंबर निर्धारित की गई है। हालांकि ज्वाइनिंग की तिथि थोड़ी आगे-पीछे हो सकती है।

2017 के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे भगवान सिंह
भगवान सिंह कुशवाह पहली बार 2007 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़कर विधायक बने थे। 2012 के चुनाव में भी बसपा की टिकट पर उन्होंने चुनाव जीता। 2017 के चुनाव में भगवान सिंह कुशवाह तीसरी बार बसपा की टिकट पर चुनाव लड़े किंतु भाजपा के महेश कुमार गोयल से हार गए। हालांकि इस चुनाव में भी वह 61,511 मत हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें पार्टी फड को लेकर मची रार के बाद बसपा से निष्कासित कर दिया गया था।
बसपा ने गंगाधर को प्रत्याशी बनाया
इस बार बसपा ने गंगाधर कुशवाह को खेरागढ़ से प्रत्याशी बनाया है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने जो सर्वे कराए हैं, उसमें भगवान सिंह कुशवाह के बारे में सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। हालांकि भगवान सिंह कुशवाह को भाजपा में शामिल कराने के फैसले में कोई आश्वासन नहीं दिया गया है कि भाजपा उन्हें टिकट देगी या नहीं।
वैश्य समाज के महेश हैं विधायक, भाजपा प्रत्याशी बदलना तय
खेरागढ़ विधानसभा में वर्तमान में वैश्य समाज से महेश कुमार गोयल विधायक हैं। वह 75 साल की उम्र की सीमा पार कर चुके हैं। अत: इस सीट पर प्रत्याशी बदला जाना तय है।
वैश्य समाज के कई नेता कर रहे हैं दावेदारी
खेरागढ़ विधानसभा से वैश्य समाज के कई नेता दावेदारी कर रहे हैं। सुधीर गर्ग गुड्डू सहित कई भाजपा नेता टिकट की लाइन में हैं। इधर वैश्य समाज ने सम्मेलन कर प्रदेश में 106 सीट वैश्य समाज के लिए मांगी हैं।
भगवान सिंह बने प्रत्याशी तो शहर की उत्तर विधानसभा सीट पर भी असर
अगर खेरागढ़ विधानसभा सीट पर भगवान सिंह कुशवाह को भाजपा प्रत्याशी घोषित करती है तो इसका असर आगरा शहर की उत्तर विधानसभा सीट पर पड़ सकता है। जिले की नौ सीट में से उत्तर विधानसभा वैश्य प्रत्याशी के लिए आसान सीट मानी जाती है। वर्तमान में इस सीट पर हुए उप चुनाव में भाजपा के पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विजय श्री हासिल की थी।