आगरालीक्स…(13 December 2021 Agra News) आगरा के एक बुजुर्ग ने अपनी दवाई दिल्ली से मंगवाई. डाक विभाग ने उसे भेज दिया जयपुर…दिल्ली एम्स के डॉक्टर से चल रहा है इलाज
दिल्ली एम्स में चल रहा इलाज
डाक विभाग की एक गलती आगरा के रहने वाले बुजुर्ग को भारी पड़ गई. कालिंदीपुरम में रहने वाले 69 वर्षीय सुरेश शर्मा की आंखों का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है. उनकी दवाई दिल्ली में ही मिलती है. वे कई महीनों से डाक विभाग की सहायता से दिल्ली से आगरा अपनी दवा मंगवाते रहे हैं, लेकिन इस बार डाक विभाग ने उनकी दवाओं का पैकेट आगरा की जगह जयपुर भेज दिया.

बुजुर्ग के अनुसार उनका दिल्ली आना जाना संभव नहीं है. ऐसे में वह डाक के जरिए दवा मंगा लेते हैं. मेडिकल संचालक हरी महीने दवा भेज देता है. उन्होंने बताया कि इस बार छह दिसंबर को मेडिकल संचालक ने दवाओं का स्पीड पोस्ट किया. आर्टिकल के ऊपर साफ-साफ शब्दों में डिस्पेच का स्थान, नाम, मोबाइल नंबर भी अंकित है. इसके साथ ही बॉक्स के एक साइड में अर्जेंट और मेडिसन लिखा हुआ है, लेकिन डाक विभाग के कर्मचारियों की गलती से इसे जयपुर के लिए डिस्पेच कर दिया गया. 11 दिसंबर को इसकी लोकेशन जयपुर दिखी. इस पर बुजुर्ग ने सिकंदरा स्थित डाकघर के कार्यालय में जाकर पूछताछ की लेकिन कोई जवाब ठीक से नहीं मिला. इस पर वे संजय प्लेस स्थित प्रवर डाक अधीक्षक के कार्यालय पहुंचे. छानबीन में पता चला कि पैकेट जयपुर पहुंच गया है. अधिकारिी ने बताया कि आर्टिकल की लोकेशन जयपुर आ रही है. उसे वापस मंगवाने के प्रयास किए जा रहे हैं. पीड़ित को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है.