आगरालीक्स…। अलीगंज के सीमेंट कारोबारी की अलीगढ़ में हत्या में प्रयुक्त कार आगरा से लूटी गई थी। कारोबारी की हत्या के विरोध में अलीगंज में बाजार बंद है। लोगों में गुस्सा व्याप्त है।
परिजनों का पोस्टमार्टम गृह पर हंगामा
अलीगढ़ में रामघाट रोड पर कल रात अलीगंज के सीमेंट कारोबारी संदीप गुप्ता की हत्या के बाद पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों व अन्य लोगों ने जमकर हंगामा किया। डॉक्टरों के देरी से आने पर परिजन भड़के गए। पुलिस के समझाने पर किसी तरह विवाद शांत हुआ। पांच डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया।
आज सुबह से अलीगंज के बाजार बंद, शव आया
मंगलवार सुबह से एटा जनपद के सभी कस्बों के बाजार बंद हैं। अलीगंज में पब्लिक जाम लगाए बैठी है। अलीगढ़ पुलिस की टीमें घटना के खुलासे में जुटी हुई हैं। पांच टीमों को मामले के खुलासे के लिए लगाया गया है। अभी तक कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा है। ड्राइवर के अलावा निजी गनर से लगातार पूछताछ चल रही है।
पुलिस को इंतजार है कि अंतिम संस्कार के बाद परिवार से बातचीत हो तो शायद कुछ तथ्य निकलकर आएं।
बलैनो कार अगवा कर आगरा से लूटी गई थी
कारोबारी की हत्या में जिस नीली बलैनो कार से शूटर इस हत्या को अंजाम देने आए थे उसके विषय में मथुरा पुलिस ने जानकारी दी है कि यह कार आगरा के व्यक्ति की है। इसके स्वामी को अक्तूबर माह में आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से कार सहित अगवा किया गया था। बाद में मथुरा के फरह क्षेत्र में कार लूटकर ले गए थे। कार स्वामी को फरह में फेंक गए थे।