आगरालीक्स…आगरा की डॉ. बीआरए यूनिवर्सिटी में 135 रोजगार परक पाठ्यक्रमों का अनुमोदन. विद्या परिषद की हुई अहम बैठक में लिए गए कई निर्णय.
डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की विद्या परिषद की बैठक कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय जी की अध्यक्षता में गुरुवार दोपहर एक बजे जुबली हॉल में संपन्न हुई. बैठक मेंलिए गए महत्वपूर्ण निर्णय इस प्रकार रहे-
- राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन हेतु गठित बीए, बीएससी, बीकॉम, पाठ्यक्रमों के अध्यादेशों को अनुमोदन प्रदान किया गया. अब इन अध्यादेशों को स्वीकृति हेतु राजभवन प्रेषित किया जाएगा.
- विद्या परिषद द्वारा 135 रोजगार परक पाठ्यक्रमों (वोकेशनल कोर्सेज) को अनुमोदन प्रदान किया गया. कुछ पाठ्यक्रमों के शीर्षक में संशोधन का प्रस्ताव कुलपति द्वारा रखा गया, जिसे स्वीकार करते हुए सदन ने कुलसचिव को अधिकृत किया कि वह संदर्भित पाठ्यक्रमों के शीर्षकों में संशोधन कर उन्हें कार्यपरिषद में अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करेंगे.
- एक महत्वपूर्ण निर्णय कुलपति की पहल पर किया गया. आज के बाद विद्या परिषद की बैठकों के निर्णयों को सभी सदस्यों के सम्मुख मेल पर प्रेषित किया जाएगा. यदि 3 दिन के अंदर किसी सदस्य की किसी भी प्रकार की आपत्ति प्राप्त नहीं होती है तो उन निर्णयों को स्वीकृत समझा जाएगा.
- सीए की उपाधि को एमकॉम (स्नातकोत्तर) उपाधि के समकक्ष मानने के निर्णय को अनुमोदन प्रदान किया गया. इसके लिए कुमारी वंदना डी. नागपाल ने ईमेल के माध्यम से प्रत्यावेदन दिया था. इस निर्णय को नीतिगत निर्णय के रूप में स्वीकार किया जाएगा. इसके संबंध में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा निर्गत अधिसूचना को विद्या परिषद द्वारा अंगीकार किया गया.
- 24 जून 2021 को आहूत विद्या परिषद की बैठक में लिए गए एक निर्णय पर प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव द्वारा आपत्ति प्रकट की गई. इस बैठक में समाज विज्ञान संस्थान में राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र विभाग खोले जाने का निर्णय लिया गया था और इस हेतु संस्थान के पदों का समायोजन भी किया जाना था. प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव की आपत्ति यह थी कि विद्या परिषद के किसी निर्णय को विद्या परिषद की ही अगली बैठक में संपुष्ट किए बिना कार्यपरिषद की बैठक में नहीं रखा जाना चाहिए.

बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय ने की और कुलसचिव संजीव कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, वित्त अधिकारी एके सिंह, प्रोफेसर सुगम आनंद, प्रोफेसर उमेश चंद शर्मा, प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव, प्रोफेसर अजय तनेजा, प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर, प्रोफेसर दीपमाला श्रीवास्तव, प्रोफेसर अनिल वर्मा, प्रोफेसर पीके सिंह, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर बृजेश रावत, प्रोफेसर शरद उपाध्याय, सेंट जॉन्स कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ एसपी सिंह, डॉक्टर वीके सिंह डॉक्टर निर्मला यादव आदि उपस्थित रहे.