
गुरुवार को ड्रोन कैमरे को पालीवाल पार्क से लालकिला तक400 मीटर की ऊंचाई तक उड़ाया गया। ड्रोन कैमरे में रास्ते में पड़ने वाली हर सड़क की रिकॉर्डिंग दर्ज हुई।
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ड्रोन कैमरे की मदद से पता चल सकेगा कि चौराहे पर जाम लगने का कारण क्या है। इसी तरह शहर की सड़कों पर होने वाले अपराधों में अपराधी जल्दी चिन्हित किये जा सकेंगे। उपद्रवियों को काबू में करने के साथ साथ चुनावों में राजनीतिक नेताओं की जनसभाओं की निगरानी भी ड्रोन कैमरे से की जा सकेगी। ट्रैफिक पुलिस करीब 10 लाख रुपये खर्च कर रही है।
ड्रोन कैमरा निर्माता कंपनी सिनर्जी टेलीमैटिक्स प्राइवेट लिमिटेड के एमडी राजीव यादव ने बताया कि ड्रोन कैमरा चार किमी तक विभिन दिशाओं में काम करेगा। ये करीब एक किमी ऊंचाई तक जा सकेगा। नाइट विजन ज़ूम कैमरा है, जिससे छत पर रखी छोटी से छोटी चीज को भी रिकॉर्ड करेगा। इस कैमरे में ऑटो पायलट और ऑटो लैंडिंग का विकल्प उपलब्ध है। ये कैमरा दो से ढाई किलो वजन लेकर उड़ सकता है। इसकी मदद से उपद्रवियों को काबू करने के लिए मिर्ची बम आदि भी गिराए जा सकते हैं।
संवेदनशील इलाकों पर रहेगी नजर
ड्रोन कैमरे की मदद से शहर के मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों पर पुलिस की नजर रहेगी, यह भी पता चल सकेगा कि छतों पर पत्थर तो जमा नहीं कर रखे हैं। इसी तरह उपद्रवियों को भी ड्रोन कैमरे की मदद से चिन्हित किया जा सकेगा, इसमें नाइट विजन कैमरा भी है। इसके चलते रात में होनी वाली घटनाओं में भी इससे मदद मिलेगी।
इस दौरान एसपी सिटी सुशील कुमार धुले, एसपी ग्रामीण बबीता साहू, एएसपी अनुराग वत्स, एएसपी अशोक कुमार सिंह, सीओ असीम चौधरी, बीएस त्यागी, मनीषा सिंह आदि मौजूद रहे।
Leave a comment