आगरालीक्स…(26 January 2022 Agra News) आगरा में अब धूप खिल रही है तो लोगों के चेहरे भी खिल रहे हैं. जानिए आने वाले दिनों में मौसम का पूर्वानुमान…
धूप ने दी गलनभरी ठंड से राहत
आगरा में पिछले तीन दिन से दोपहर में धूप खिल रही है. ये धूप बीते कई दिनों से गलनभरी सर्दी से परेशान लोगों को राहत देने का काम कर रही है. हालांकि अभी ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का अच्छा प्रभाव देखा जा रहा है तो वहीं सुबह के समय घना कोहरा भी छा रहा है. बुधवार की भी शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई. शहर के लगभग हर क्षेत्र में कोहरा छाया रहा. हालांकि दिन निकलने के साथ ही कोहरे में कमी आती गई और दस बजे से पहले ही सूरज के दर्शन लोगों को हो गए. गुनगुनी धूप लोगों को अच्छी महसूस हो रही थी.
इतना रहा तापमान
बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 6 डिग्री कम रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान एक बार फिर नीचे जाता दिखाई दे रहा है. बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ये भी सामान्य से तीन डिग्री कम रहा.
आने वाले दिनों में भी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार आगरा में आने वाले दिनों में अभी शीतलहर का प्रभाव दिखाई देगा. तापमान कम होगा. हालांकि दोपहर के समय धूप निकलने की संभावना जताई गई है. वहीं सुबह और रात को घना कोहरा भी छाया रह सकता है.