आगरालीक्स…शराब पीने पर यात्रियों की पिटाई से गुस्से में था बस ड्राइवर. 15 मिनट बाद 15 लोगों को रौंद दिया. कानपुर बस एक्सीडेंट में बड़ा खुलासा…ये है पूरा मामला
रविवार रात को कानपुर में बस एक्सीडेंट में 6 लोगों की मौत और 9 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस को चौंकानेवाली और काफी गंभीर जानकारी पुलिस को मिली है. दरअसल, एक्सीडेंट हुआ नहीं था बल्कि पूरी तरह से किया गया था और ये एक्सीडेंट किया था बस ड्राइवर सतेंद्र ने. सतेंद्र ने पुलिस पूछताछ में बताया कि रविवार रात को सतेंद्र ई बस में यात्रियों को लेकर रामादेवी से घटाघर की तरफ रवाना हुआ था. उस समय वह भयंकर नशे में था. जब उसने गलत तरीके से बस चलाई तो बस में बैठे यात्रियों ने इसका विरोध किया. विरोध करते हुए यात्री उतर गए थे. लेकिन जब बस चालक सतेंद्र ने नशे में यात्रियों से उल्टा—सीधा कहा तो इस पर कुछ लोगों ने उसका पीछा किया और बस रुकवाकर सतेंद्र को पीट डाला. पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हुआ था. लेकिन इस पिटाई से गुस्सा में आए सतेंद्र ने 15 मिनट बाद ही बेकाबू बस से बड़ा हादसा कर दिया. पूछताछ में सतेंद्र ने बताया कि वह इतना गुस्से में था कि उसने कुछ नहीं सोचा और लोगों को रौंद दिया.

पुलिस पूछताछ में पता चला कि सतेंद्र लगभग हर रोज शराब पीता था. कई बार उसने शराब के नशे में बस भी चलाई है. तब कुछ ऐसा नहीं हुआ लेकिन रविवार रात को उसने काफी मात्रा में शराब पी ली. सतेंद्र ने बताया कि इससे उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था, लेकिन ड्यूटी करनी थी तो वह बस लेकर चला गया. यही नहीं सतेंद्र ने बस में ही बैठक कर कई बार शराब पी थी. बस में सवार कंडक्टर आलोक ने भी सतेंद्र के शराब पीने का विरोध किया लेकिन सतेंद्र ने उसकी भी नहीं सुनी. आलोक का कहना है कि उसने कई बार सतेंद्र की शिकायत अफसर व कर्मचारी से की लेकिन किसी ने नहीं सुनी. मजबूरी में वह सतेंद्र के साथ काम करता था. रविवार रात को जब यात्रियों और उसके कहने पर भी सतेंद्र नहीं माना तो यात्रियों के साथ कंडक्टर आलोक भी बस से उतर गया.
बता दें कि रविवार रात को कानपुर के घंटाघर चौराहे पर एक ई बस ने आधा दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया था जिसमें 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें छह लोगों की मौत हो गई जबकि घायलों में से कई की हालत अभी भी गंभीर है. पुलिस ने इस मामले में बस ड्राइवर सतेंद्र के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लापरवाही से गाड़ी चलाने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा है.