आगरालीक्स…(9 February 2022 Agra News) आगरा में वेलेंटाइन वीक में थाने पहुंचा प्यार का मामला. इंग्लिश सीखने जाता था युवक, कर बैठा टीचर से एकतरफा प्यार
आगरा में वेलेंटाइन वीक में प्यार का मामला बुधवार को थाने पहुंच गया है. इसका कारण ये है कि ये प्यार एकतरफा है. इंग्लिश सीखने गया एक युवक अपनी ही टीचर को दिल दे बैठा, लेकिन जब मामला थाने पहुंचा तो होश उड़ गए. सारा प्यार का नशा उतर गया और युवक टीचर से माफी मांगने लग गया. टीचर ने उसे फिर से कभी परेशान न करने की चेतावनी देते हुए माफ कर दिया और अपनी शिकायत वापस ले ली है.

आगरा के दयालबाग में रहने वाली एक टीचर पांच साल पहले इंग्लिश स्पीकिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ाती हैं. यहां शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला एक युवक इंग्लिश स्पीकिंग की क्लास लेने इनकी कोचिग में आता था. युवक बीबीए कर रहा था. बताया जाता है कि स्टूडेंट इंग्लिश स्पीकिंग सीखते—सीखते अपने ही इस टीचर को दिल दे बैठा और एकतरफा इश्क करने लगा. शिक्षिका अब गुरुग्राम में पढ़ाती है लेकिन ये युवक शिक्षिका को फोन करता था और सोशल मीडिया पर भी उनकी प्रोफाइल पर कमेंट करता था. जब युवक की हरकतें बढ़ती गईं और चेतावनी पर भी वह नहीं माना तो टीचर ने इसकी शिकायत महिला हेल्प लाइन पर कर दी. इसके साथ ही उनके परिचित ने आगरा पुलिस को ट्वीट करके इसकी शिकायत कर दी.
न्यू आगरा पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मंगलवार शाम को युवक को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई. यहां उससे पूछताछ की गई. युवक इस समय मोमोज की ठेल लगाता रहा है और उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. 10 फरवरी को उसकी बहन की बारात भी आनी है और घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं. पुलिस ने थाने में शिक्षिका को लिखित शिकायत देने के लिए बुला लिया. यहां पर युवक और उसके परिजनेां ने शिक्षिका से माफी मांगी और गिड्गिड़ाने लगे.उसे सुधार का एक मौका देने के लिए कहा और भविष्य में ऐसी हरकतें न करने के लिए कहा. इस पर शिक्षिका ने चेतावनी देते हुए युवक को माफ कर दिया और अपनी शिकायत वापस ले ली है.