आगरालीक्स…(9 February 2022 Agra News) आगरा में बारिश ने एक ही दिन में तापमान 9 डिग्री तक नीचे पहुंचा दिया. जानिए कल मतदान वाले दिन कैसा रहेगा मौसम…
आगरा में फरवरी का मौसम इस समय बहुरंगी हो रहा है. कभी बारिश हो जाती है तो कभी दिन में धूप तेज निकलती है जिससे गर्मी लगना शुरू हो जाती है तो कभी ठंडी हवाओं के झोंके गलनभरी सर्दी महसूस कराने लगते हैं. मंगलवार शाम को हुई तेज बारिश के बाद बुधवार सुबह बादलों का डेरा लगा हुआ था. आठ बजे के करीब बारिश होना शुरू हुई. तेज बारिश ने लोगों को घरों में कैद रहने के लिए मजबूर कर दिया. कोई भी सर्दी की इस बारिश में भीगना नहीं चाह रहा था, ऐसे में जो लोग बारिश हल्की होने पर निकले वो तेज बारिश होने पर ही सुरक्षित जगह पर रुक जाते. बारिश भी खूब हुई. 12 बजे तक मौसम ऐसा ही बना रहा. इसके बाद हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया जिसका असर आगरा के तापमान पर भी दिखाई दिया.

आगरा में तापमान कल की अपेक्षा आज 9 डिग्री तक नीचे गिर गया. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री तक पहुंच गया जो कि मंगलवार को 26.8 डिग्री सेल्सियस तक रहा था. न्यूनतम तापमान बढ़ा है जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 14 डिग्री तक रहा. मौसम विभाग के अनुसार आगरा का न्यूनतम तापमान कल 8 डिग्री तक पहुंच सकता है. ऐसे में रात के समय सर्दी रह सकती है. वहीं कल मौसम साफ होने के संकेत दिए हैं और धूप निकल सकती है.