
इंटरनेट फोटो
ब्रिटेन का शाही जोडा प्रिंस विलियम अपनी पत्नी केट मिडलटन के साथ शनिवार दोपहर में विशेष विमान से आगरा पहुंचेंगे। उनसे पहले सडक मार्ग से मलेशिया की महारानी तुआंकु हजा हमीनह आगरा आ जाएंगी। वे होटल अमर विलास के कोहिनूर सुइट में ठहरेंगी, कोहिनूर मलेशिया की रानी के लिए बुक है। ऐसे में शाही जोडा कोहिनूर में नहीं ठहर सकेगा, उनके लिए लग्जरी सुइट बुक किया गया है।
कोहिनूर है खास, होता है ताज का दीदार
कोहिनूर का एक दिन का किराया सात लाख रुपये है, इसमें तीन कमरे हैं। मास्टर बेडरूम, लिविंग और डायनिंग रूम है। कोहिनूर की खिडकी और बाथरूम से ताजमहल का दीदार होता है। बाथरूम से टेरेस पर जाने का रास्ता है, जहां सन बाथ ले सकते हैं।
साढे तीन लाख है लग्जरी सुइट का किराया
कोहिनूर के बाद अमर विलास में लग्जरी सुइट का नंबर आता है। इसका किराया साढे तीन लाख रुपये है। इसमें दो कमरे हैं। इसी में शाही जोडा ठहरेगा।
सेना की वर्दी में आगरा में घूमे थे राजकुमार चार्ल्स
ब्रिटेन के राजकुमार चार्ल्स 1982 में ताजमहल का दीदार करने के लिए आगरा आए थे। वे सुरक्षा घेरे में पहले होटल मुगल पहुंचे। उसके बाद ताजमहल का दीदार करने गए। बाद में सेना की खुली जीप में बैठकर सेना की ही वर्दी में उन्होंने सैन्य क्षेत्र का भ्रमण भी किया था। उन्होंने फतेहपुरसीकरी में किले का भी अवलोकन किया था। बाद में वे भरतपुर बर्ड सेंचुरी देखने के लिए भी गए। अब उनके बेटे विलियम और बहू केट ताजमहल का दीदार करने के लिए 16 अप्रैल को यहां आ रहे हैं।
चार्ल्स और डायना ने अकेले किया था दीदार
34 साल पहले 1982 में चार्ल्स ने अकेले ताजमहल का दीदार किया था। उसके ठीक 10 साल बाद 1992 में उनकी पत्नी डायना ने भी अकेले ही ताजमहल का दीदार किया था, लेकिन उनके बेटे प्रिंस विलियम और पत्नी केट मिडिलटन के साथ इस खूबसूरत स्मारक का दीदार करने के लिए यहां आ रहे हैं। अब 24 साल बाद जब उनका बेटा और बहू ताजमहल का दीदार करने आ रहे हैं तो वह अपनी मां के नाम पर विख्यात डायना सीट पर बैठेंगे।
Leave a comment