
कान्सेप्ट फोटो
आगरा के फतेहाबाद थाना इलाके के गांव पोखर पांडे निवासी लज्जाराम अपने परिवार के साथ मां कैला देवी के दर्शन कर बोलेरो में सवार होकर घर लौट रहे थे। शनिवार तड़के करीब तीन बजे करौली और धौलपुर जिले के सीमा पर सरमथुरा थाना इलाके के बथुआ खोह के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। इससे जीप के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मृतकों में लज्जाराम (65), उनकी पत्नी पुनिया देवी (63), पौत्री रोशनी (15) की मौके पर ही मौत हो गई। 16 लोग घायल हुए। इन्हें करौली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान लज्जाराम के पौत्र गौतम (8) और अनिल कुमार (30) ने दम तोड़ दिया। लज्जाराम के पुत्र रंजीत की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
अस्पताल में भर्ती घायलों में बोलेरो चालक बंटी (27) निवासी धनियापुरा थाना बाह आगरा, पोखर पांडे निवासी विशाल (8) लक्ष्मीदेवी (35 ), विमलेश (18 ), सीमा (25 ), रोहित (4 ), मोहित (8), बंटी (26), मेनवती (24 ), निशा (6 ), रूबी (18), अमन (9 माह) और अवनी (8 माह) शामिल हैं। सभी को आगरा रेफर कर दिया गया। इस संबंध में सरमथुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
गांव में एक साथ जली छह चिताएं
पोस्टमार्टम के बाद शाम को पोखर पांडे गांव में छह श्रद्धालुओं के शव पहुंचने से कोहराम मच गया। गांव में चूल्हे नहीं जले। भीषण हादसे में लज्जाराम समेत उनके परिवार की तीन पीढ़ियों के लोगों की एक साथ मौत हुई है। आस पाास के गांव के लोग भी पहुंच गए। दिल दहला देने वाले हादसे पर लोगों को भरोसा नहीं हो रहा है। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, छह मौतें होने पर तहसीलदार जीतलाल सेनी, राजस्व निरीक्षक सरदार सिंह चौहान गांव में पहुंचे, मृतको के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की गयी।
Leave a comment