आगरालीक्स…बच्चों के आंसुओं से बड़ी बनी पति—पत्नी की कलह. पत्नी फंदे पर झूली तो पति ने फांसी लगाने का किया प्रयास..रोते रहे बच्चे…आगरा का मामला
पति—पत्नी का रिश्ता सात जन्मों का होता है लेकिन आजकल के रिश्ते जरा सी लड़ाई या जरा सी नासमझी के कारण तुरंत टूट जाते हैं. आगरा में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है जहां पति—पत्नी ने अपनी लड़ाई को इतना बड़ा बना लिया कि उन्हें अपने बच्चों की आंखों से बहते हुए आंसू भी नजर नहीं आए. पत्नी ने फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली तो उसे देखकर पति भी फंदा बनाकर खुदकुशी करने लगा, बच्चों के रोने की आवाज पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह पुरुष को बचा लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया है.

आगरा के बाह थाना क्षेत्र का मामला
मामला थाना बाह के अंतर्गत गांव पुरा कनेरा सिल्पोनी का है. यहां एक दंपत्ति के फांसी लगाने का मामला सामने आया है. गांव सिल्पोली निवासी शिव कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह की शादी चार साल पहले मोनिका से हुई थी. दोनों के एक बेटा व एक बेटी है. ग्रामीणों के अनुसार दोनों पति—पत्नी में आए दिन विवाद होता रहता था, घर से हमेशा लड़ने झगड़ने की आवाजें आती रहती थीं. सोमवार को भी दोनों में विवाद हुआ तो गुस्साई मोनिका ने कमरे में जाकर फांसी लगा ली. कुछ देर बाद जब पति ने कमरे में पत्नी को फंदे पर झूलते देखा तो वह भी चीख पुकार के बाद दूसरे कमरे में जाकर फांसी के फंदे पर झूल गया. इधर दोनों बच्चे लगातार रोए जा रहे थे. कुछ ग्रामीणों ने बच्चों के रोने की आवाज पर ध्यान दिया तो वो वहां पहुंचे. यहां पहुंचकर इन्होंने शिवकुमार को फांसी के फंदे से नीचे उतारा. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. शिव कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है.