आगरालीक्स…छठवें चरण के चुनाव से पहले अखिलेश यादव ने कहा—भाजपा को अपनी हार का अंदाजा हो गया है, उनकी गाड़ियों और आवासों से उतरने लगे हैं झंडे
जौनपुर में की पांच जनसभाएं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज जौनपुर जनपद में सघन चुनाव प्रचार करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में पांच जनसभाएं की। उन्होंने बड़ी संख्या में एकत्र जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि ऐसा पहली बार दिख रहा है कि उत्साही जनता खुद भाजपा से लड़ रही है। जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और अब छठे, सातवें चरण में भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाएगा। भाजपा नेता पूरे प्रदेश में घूम रहे है और जिनको हार का सबसे ज्यादा डर है वे पहले से ही वाराणसी पहुंच गए है। उन्होंने कहा भाजपा को अपनी हार का अंदाजा हो गया है इसलिए उनकी गाड़ियों और आवासों से झंडा उतर गए है।
भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी झूठी पार्टी
अखिलेश यादव ने कहा कि कहने को तो भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन काम और वादो का आकलन करेंगे तो दुनिया की सबसे झूठी पार्टी भाजपा नजर आएगी। किसानों की आय दुगनी करने का वादा किया वह तो पूरा नहीं किया महंगाई और बेरोजगारी बढ़ा दी। जब पिछली बार वोट चाहिए था तो इन्होंने फ्री सिलेण्डर बांटे थे अब आज वोट मांगने आए है तो सिलेण्डर का दाम हजार रूपए हो गया है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए है। भाजपा की फिर सरकार बनी तो पेट्रोल हजार रुपए से ऊपर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में गरीबों की जेब काटकर अमीर उद्योगपतियों की तिजोरी भरी गई है। भाजपा ने नौजवानों को ठगा हैं, नौकरियां देने का झूठा वादा किया। प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में 11 लाख पद खाली है। इनमें सबसे ज्यादा पद शिक्षा विभाग के है। समाजवादी सरकार बनने पर पुलिस, शिक्षा विभाग समेत सभी विभागों में भर्ती निकाल कर नौजवानों को नौकरी देंगे। जो गर्मी निकालने की बात करते थे अब वे ठंडे पड़ रहे हैं। हम नौजवानों के लिए फौज और पुलिस में भर्ती निकालेंगे। बीपीएड, बीएड, बीटीसी, टेट, अनुदेशकों, शिक्षामित्रों तथा रोजगार सेवकों की मदद करेंगे।