
इंटरनेट फोटो
ताजगंज के नगलाकली निवासी विजय सिंह के बेटे रिंकू की शादी गांव बांस दौलतराम निवासी कुंवरेसन की बेटी से होनी थी। गुरुवार रात को बारात शमसाबाद के गांव दौलतराम पहुंची। यहां डीजे पर डांस करने लगे। उनके साथ कुछ युवतियां भी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार युवतियों के साथ डांस कर रहे युवकों ने छेडखानी कर दी। इससे विवाद हो गया, देखते ही देखते बराती और घरातियों में विवाद के बाद मारपीट होने लगी। इससे शादी समारोह में भगदड़ मच गई। विजय सिंह बीचबचाव कराने लगे। तभी लड़की पक्ष के लोगों ने विजय सिंह को भी जमकर पीटा। इसके बाद दोनों पक्षों मेें मारपीट शुरू हो गई। कुर्सी फिंकाई भी हुई। लाठी-डंडे चलने लगे।
मारपीट मेें घायल विजय सिंह गिर पड़े। शादी समारोह में बवाल की सूचना पर थाना शमसाबाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस विजय सिंह को निजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं मारपीट में दोनों पक्षों के 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि वे सामने नहीं आए। वहीं शादी समारोह से लड़की पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। परिवार में महिलाएं ही रह गईं। पुलिस देर रात तक आरोपियों की तलाश कर रही थी। विजय की मौत की खबर जब नगलाकली में परिवार की महिलाओं को हुई तो कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गांव से बड़ी संख्या में लोग शमसाबाद पहुंच गए।
Leave a comment