आगरालीक्स…कल रंगभरनी एकादशी है. ठाकुरजी खेलेंगे भक्तों संग होली. श्रीकृष्ण जन्मभूमि, बांकेबिहारी मंदिर, ठाकुर द्वारिकाधीश, राधावल्लभ मंदिर में उमड़ेगी भीड़, उड़ेगा गुलाल
रंगभरनी एकादशी पर मंदिरों में उमडेगी भीड़
रंगभरनी एकादशी पर ब्रज के प्रसिद्ध मंदिरों में होली पर श्रद्धालुओं की भीड उमड़ेगी. वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, राधा वल्लभ मंदिर, मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, ठाकुर द्वारकाधीश आदि मंदिरों होली खेली जाएगी. अपने आराध्य ठाकुर बांके बिहारी और उनकी अलाहदिनी शक्ति श्री राधा रानी को होली पर्व पर रंग गुलाल भेंट कर बृज की होली के आनंद में सराबोर होने आए हजारों देशी विदेशी श्रद्धालु एक बार फिर ब्रज की अद्भुत होली के साक्षी बनेंगे. सुबह से ही ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, ठाकुर राधा वल्लभ मंदिर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि, ठाकुर द्वारकाधीश सहित सप्त देवालय आदि प्रमुख मंदिरों में अपने आराध्य के साथ होली खेलने के लिये ग्वाल बाल स्वरूप हजारों देशी विदेशी भक्तों का सैलाब उमड़ेगा.
ऐसा लगता है इस दिन मानो कमर में फेंटा बांधे ठाकुर बांके बिहारी भी अपने भक्तों की इस अद्भुत आस्था भरी होली को देखकर मन ही मन प्रसन्न हो रहे हों. सेवायत गोस्वामी जब श्रद्धालुओं पर थाल भर भर कर गुलाल फेंकते हैं तो श्रद्धालु खुद को धन्य हो उठते हैं. जिसका एक एक कण पाने के लिए श्रद्धालु खासे लालायित दिखाई दिए. वहीं सायं काल ठाकुर बांके बिहारी लाल चांदी के सिंहासन पर विराजमान होकर भक्तों पर सोने व चांदी के पिचकारियों से कृपा बरसाएंगे. वहीं प्रातः काल से ही हजारों कि संख्या में श्रद्धालुओं की टोलियां नगर की पंचकोसीय परिक्रमा के लिये निकल पड़ती हैं. श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर रंगमंच पर सांस्कृतिक होली खेली जाएगी. मयूर नृत्य, चरकुला नृत्य कार्यक्रम होंगे। वहीं शाम को लठामार होली खेली जाएगी.