आगरालीक्स…आगरा में फीस जमा न होने पर स्कूल ने एग्जाम देने से किया मना तो बच्चों ने लगाई सीएम योगी से गुहार..कोविड से हो चुकी हैं परिवार में तीन मौतें..एक्शन में आया प्रशासन
आगरा की रहने वाली दो मासूम बच्चियों को एक स्कूल प्रबंधन ने फीस जमा न होने पर एग्जाम देने से मना कर दिया. दोनों बच्चियों ने वीडियो के जरिए अपनी पीड़ा और इसकी शिकायत बड़ी ही मासूमियत के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ से की है. बच्चियों ने अपना नाम कृतिका शर्मा और अनन्या शर्मा बताया. दोनों ने बताया कि वह होली पब्लिक जूनियर स्कूल में पढ़ती हैं, लेकिन फीस न होने पर उन्हें एग्जाम में बैठने नहीं दिया जा रहा है. बच्चियों ने बताया कि उनकी मां फीस जमा करने की स्थिति में नहीं हैं.
पिता, बाबा और ताऊ की कोविड से हो चुकी है मौत
वीडियो में मासूम बच्चियों ने कहा कि कोविड से उनके घर में तीन मौतें हो चुकी हैं, जिनमें उनके पापा, बाबा और ताऊजी शामिल हैं. ऐसे में घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है. मेरी मां फीस जमा करने की स्थिति में नहीं हैं.
एक्शन में आया प्रशासन
मासूम बच्चियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन एक्शन में आ गया. आगरा जिला प्रशासन की ओर से इस मामले को लेकर सोमवार शाम को एक ट्वीट किया गया जिसमें प्रशासन का कहना है कि बच्चों के परिवारजन एवं स्कूल प्रबन्धन से वार्ता कर समस्या का निस्तारण करा दिया गया है. वीडियो के माध्यम से संज्ञान लाने हेतु आपका धन्यवाद.