आगरालीक्स…आगरा में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा. धमाके के साथ फटा सिलेंडर. चाय बना रहे युवक के शरीर के उड़े चीथड़े. एक घायल
आगरा के इरादतनगर स्थित गैस एजेंसी में रविवार दोपहर को सिलेंडर फटने से एक हॉकर की मौत हो गई जबकि एक अन्य हॉकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा गैस एजेंसी में मौजूद रसोई में चाय बनाते समय हुआ. हादसा इतना भयंकर था कि हॉकर के शरीर के चीथड़े ड़ गए. घायल दूसरे हॉकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

ये है पूरा मामला
मामला इरादतनगर के रहलई गांव स्थित मिथलेश इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का है. हादसा रविवार दोपहर एक बजे का है. रविवार को गैस सिलेंडर की एक गाड़ी गोदाम पर पहुंची थी. उससे सिलेंडर उतरवाने के लिए रहलई निवासी हॉकर वेद प्रकाश (32) पहुंचा. बाद में ट्रक चालक के लिए वेद प्रकाश गोदाम की रसाई में चाय बनाने चला गया. बाहर दूसरा हॉकर दीपक खड़ा हुआ था. चाय बनाते समय ही अचानक गैस का सिलेंडर तेज धमाके के साथ फटा. इससे चाय बना रहे वेद प्रकाश के चीथड़े उड़ गए जबकि बाहर खड़ा दीपक भी इसकी चपेट में आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना पर पुलिस भी आ गई. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

बेटे का जन्मदिन था लेकिन मौत खींच लाई गोदाम पर
होली के अवसर पर गैस एजेंसी के गोदाम के हॉकरों की छुट्टी थी. सभी अपने घर गए हुए थे, लेकिन रविवार को गैस सिलेंडर का ट्रक आने पर वेद प्रकाश को यहां बुलाया गया था. आज ही वेदप्रकाश के 8 साल के बेटे आरव का जन्मदिन है. घर में सत्यनारायण की कथा चल रही थी लेकिन गोदाम पर गाड़ी पहुंचने पर वेदप्रकाश को वहां जाना पड़ गया. वेदप्रकाश की मौत से घर में छाई खुशी का माहौल मातम में बदल गया.