आगरालीक्स…मैं आत्मसमर्पण कर रहा हूं, मुझे पुलिस गोली न मारे…हाथों में तख्ती लेकर थाने पहुंचा हत्या का वांछित…
अपराध और अपराधियों पर पुलिस द्वारा लगातार की जा रही सख्ती और एक्शन का खौफ अब बदमाशों पर भी पड़ने लगा है. इसकी बानगी बुधवार को फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज में देखने को मिली जब हत्या में वांछित हत्यारोपी समर्पण करने के लिए थाने पहुंच गया. उसके हाथ में एक तख्ती थी जिस पर लिखा था ”मैं आत्मसमर्पण कर रहा हूं, मुझे पुलिस गोली न मारे”.
होली के दिन की थी वारदात
होली के दिन आनंदनगर में दो समाजों में संघर्ष हो गया था जिसमें एक किशोर की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के अगले दिन किशोर के अंतिम संस्कार को लेकर जमकर बवाल भी हुआ था. किशोर के पिता ने हिमांशु उर्फ हनी यादव समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस हिमांशु की तलाश कर रही थी लेकिन वो फरार था और दबिश के बाद भी वह हाथ नहीं आया. दो दिन पहले शिकोहाबाद में दोहरे कत्ल के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी थी. इसके बाद वांछितों में खौफ बढ़ गया हे. बुधवार दोपहर को आनंद नगर में हुए बवाल में किशोर की हत्या का आरोपी हिमांशु सिरसागंज थाने कम्प्यूटर प्रिंट वाली तख्ती लेकर पहुंच गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.