आगरालीक्स…आगरा से नवरात्र में कैला देवी जाने वालों के लिए अच्छी खबर. रेलवे ने शुरू की स्पेशल ट्रेन. जानिए इस ट्रेन के आने और जाने की टाइमिंग
चैत्र नवरात्र दो अप्रैल से शुरू हो रहे हैं. राजस्थान के करौली स्थित शक्ति पीठ कैला देवी की मान्यता हर जगह है. चैत्र नवरात्र में तो यहां हर जगह से लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं. आगरा से चैत्र नवरात्र में कैला देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या तो बहुत अधिक होती है. आगरा से जाने वालों की संख्या इतनी अधिक होती है ट्रेन के साथ—साथ बसें भी फुल चलती हैं. दो साल से कैला देवी दर्शन के लिए लोग कोविड के कारण नहीं जा पा रहे थे लेकिन इस बार माता के दर्शन करने वालों की संख्या बहुत अधिक है. ऐसे में रेलवे की ओर से उनकी सुविधा का ध्यान रखते हुए एक नई स्पेशल ट्रेन चलाए जाने की घोषणा की गई है.

दो से 11 अप्रैल तक चलेगी प्रतिदिन
आगरा से करौली जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे 2 अप्रैल यानी नवरात्र के पहले दिन से ही स्पेशल ट्रेन संचालित कर रहा है जो कि 11 अप्रैल तक चलेगी. गाड़ी संख्या 01961/62 आगरा फोर्ट से गंगापुर सिटी के लिए संचालित होगी. इस ट्रेन में सात कोच होंगे.
ये होगा टाइम
आगरा फोर्ट से यह स्पेशल ट्रेन शाम पांच बजे रवाना होगी, जो कि ईदगाह, पथौली, मिढ़ाकुर, किरावली, सिंगारपुर, फतेहपुर सीकरी, औलेंडा, रूपवास, धननाखेड़ी, बंशी पहाड़पुर, नगला तुला बंध बरैठा, बिरमबाद, बयाना, डुमरिया, फतेहसिंह का पुरा, हिंडौन सिटी, श्री महावीर जी, पीलोदा, छोटी उदेई से होकर रात 9 बजकर 30 मिनट पर गंगापुर सिटी पहुंचेगी.
गंगापुर सिटी से येही ट्रेन रात दस बजकर 20 मिनट पर आगरा के लिए रवाना होगी जो कि उपरोक्त स्टेशनों से होते हुए आगरा फोर्टा स्टेशन पर देर रात दो बजकर 05 मिनट पर पहुंचेगी.