आगरालीक्स…आगरा में एडीए ने सील किया बेसमेंट के साथ तीन मंजिल भवन. मुकदमा भी किया दर्ज.
आगरा विकास प्राधिकरण ने थाना ताजगंज के मौजा बसई मुस्तकिल में तीन मंजिला भवन के साथ बेसमेंट को भी सील किया है. प्राधिकरण द्वारा आरोपी के खिलाफ थाना ताजगंज में मुकदमा भी दर्ज किया गया है.
ये है मामला
ताजगंज वार्ड के अवर अभियंता द्वारा स्थल निरीक्षण के बाद दी गई प्रत्यावेदन आख्या 07 मई 2019 के अनुसार विनय कुमार पासवानी द्वारा खसरा नंबर 876/3, मौजा बसई मुसतकिल पर भूतल पर स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर निर्माण कार्य किए जाने पर आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा इस संबंध में 25 मई 2019 को कारण बताओ नोटिस के अंतर्गत विकास कार्य रोकने का नोटिस जारी किए गए थे. विनय कुमार पासवानी को निर्माण कार्य न करने के लिए स्थल पर जाकर कई बार रोका गया. विपक्षी को अपना पक्ष रखने के लिए 31 मई 2019, 10 जून 2019 व 24 जून 2019 की तारीख नियत की गई थी लेकिन विनय कुमार पासवानी उपस्थित नहीं हुए और न ही विपक्षी द्वारा स्थल पर किए गए निर्माण के संबंध में अपना पक्ष प्रस्तुत किया गया.

अवर अभियंता द्वारा जब बाद में निरीक्षण किया गया तो विपक्षी विनय कुमार द्वारा प्राधिकरण की लगाई गई सील को क्षतिग्रसत कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया गया जो कि प्राधिकरण के आदेशों का स्पष्ट उल्लंघन है. इस संबंध में विपक्षी के खिलाफ थाना ताजगंज में एफआईआर भी दर्ज करा दी गई है. प्राधिकरण द्वारा विपक्षी विनय कुमार द्वारा स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर कराया गया निर्माण को फिर से सील कर दिया गया है.