आगरालीक्स…आगरा में अब ट्रैफिक नियम तोड़ना पड़ सकता है भारी. बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने की आदत है तो बदल डालें, डीएल हो जाएगा सस्पेंड….
शहर में हाईवे चौड़ा हो चुका है। कई जगह नई सड़कें भी बन गई हैंं। ट्रैफिक लाइट्स भी लगवाई गई हैं और यातायात पुलिस की तैनाती भी है। हालांकि अब भी बहुत काम करने की जरूरत है, जिससे जाम और दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। हालांकि ट्रैफिक नियमों को धता बताने वालों की भी कमी नहीं है। ट्रैफिक अधिकारियों का कहना है कि अगर बार-बार रूल्स तोड़ने की आदत है तो इसे बदल डालें, क्योंकि ऐसा करने पर आपका ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए सस्पेंड भी हो सकता है।

यातायात के नियमों का पालन न करने से भी लगता है जाम
शहर में यातायात नियमों का पालन न करना जाम और दुर्घटनाओं की बड़ी वजह है। कई चैराहों पर सिग्नल तोड़ने और नियमों का न मानने की वजह से ही जाम लगता है और दुर्घटनाएं भी होती हैं। यातायात अधिकारियों ने सचेत किया है। ऐसा होने पर सख्ती हो सकती है। बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस सस्पेंड किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक हैलमेट न पहनना, ओवरस्पीड, ड्रंक एंड ड्राइव, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल, ओवरलोड के मामलों में दो से अधिक बार नियम उल्लंघन पर लाइसेंस सस्पेंड किया जा सकता है। कई लोगों को यह भी लगता है कि वे निगरानी में नहीं आए हैं, जबकि प्रमुख चौराहों पर पर सीसीटीवी के जरिए इन लोगों के चालान काटे जाते हैं। ऐसे में नजरें बचाकर नियम तोड़ने वाले भी इस गलती को दोहराने की कोशिश न करें, क्योंकि ट्रैफिक पुलिस और संभागीय परिवहन कार्यालय पर अब सख्ती बरत रहे हैं। हालांकि नियम उल्लंघन के किस मामले में चालान निरस्त किया जाएगा, किसमें दो बार में और किस मामले में पहली बार में ही उल्लंघन पर लाइसेंस सस्पेंड कर दिया जाएगा, यह ट्रैफिक अपराध पर निर्भर करता है।
कैंसिल भी हो सकता है लाइसेंस
इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट 1998 की एक धारा के अनुसार लाइसेंस धारक अगर कुछ नियमों का उल्लंघन करता है तो पुलिस और परिवहन विभाग उसका लाइसेंस कैंसिल भी कर सकते हैं। परिवहन अधिकारियों का कहना है कि यातायात के नियमों का पालन न करना जाम की वजह ही नहीं बनता बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का भी कारण बन जाता है। ऐसे में सलाह है कि नियमों का ध्यान रखें। जाम लगने की स्थिति में किसी एक द्वारा नियम की अनदेखी किया जाना सैकड़ों अन्य लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है, जैसा कि शहर की सड़कों पर आए दिन देखा जाता है। एक वाहन के रांग साइड चलने, सिग्नल का उल्लंघन करने, जल्दबाजी में क्राॅसिंग करने की स्थिति में कई बार एक ही वाहन जाम का कारण बन जाता है।