आगरालीक्स…आगरा में आज बारिश के आसार थे लेकिन यहां तो बादल भी नहीं छाए. तापमान 44 डिग्री के करीब रहा. रात को भी गर्मी बढ़ी…
आगरा में मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार यानी 20 और 21 अप्रैल को बादल छाने और बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया था. लेकिन आज बुधवार को गर्मी से बिल्कुल भी राहत लोगों को न मिली. एक पल के लिए भी बादल नहीं छाए. सुबह से ही तेज धूप निकलना शुरू हो गई. धूप का प्रभाव इतना अधिक था कि सुबह दस बजे ही धूप में एक पल ठहरना मुश्किल हो रहा था. दोपहर को तो सड़कों पर सन्नाटा पसरा. भीषण गर्मी के कारण लोग दिन में बाहर निकलते से बचते रहे. आगरा में पड़ रही भीषण गर्मी से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल से घर लौटकर आने वाले बच्चों को हो रही है. दोपहर को एक बजे बच्चों की स्कूल से छुट्टी हो रही है. इस समय गर्मी अपने चरम पर होती है. ऐसे में छोटे—छोटे बच्चे छाता और कैप की मदद से घर पहुंच रहे हैं.

रात को भी बढ़ी गर्मी
आगरा में पड़ रही भीषण गर्मी का असर रात को भी दिखाई देने लगा है. बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि मौसम विभाग ने अभी भी गुरुवार को बादल छाने और बूंदाबांदी होने के आसार जताए हैं लेकिन फिलहाल तो आगरावासी भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं.