
ताजनगरी में यातायात नियमों का पालन नहीं हो रहा है, इससे जगह जगह जाम लगने के साथ ही हादसे भी बढ रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए डीआईजी अजय मोहन शर्मा ने यातायात के नियमों का बार बार उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस और आरसी निलंबित करने के लिए रेंज में अभियान चलाया गया है। इस पर एसपी सिटी सुशील घुले ने पहले चरण में चलाए गए अभियान में 10 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने के लिए आरटीओ को रिपोर्ट भेजी है।
छह महीने के लिए निलंबित हो सकता है लाइसेंस
यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा आरटीओ को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इस रिपोर्ट पर आरटीओ द्वारा वाहन चालकों को नोटिस जारी किया जाएगा, नोटिस का संतोषजनक जवाब न देने पर लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई की जाती है। इसमें तीन से छह महीने के लिए लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।
एक्सीडेंट पर आरसी होगी निलंबित
इसी तरह एक्सीडेंट के केस में वाहनों की आरसी निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। इसक लिए 18 आरसी को निलंबित करने के लिए आरटीओ को रिपोर्ट भेजी गई है। इस तरह पुलिस यातायात के नियमों को तोडने से हो रही एक्सीडेंट को कम करने की कवायद कर रही है। आरटीओ जेएस कुशवाह ने मीडिया को बताया कि पुलिस की रिपोर्ट पर वाहन चालकों को नोटिस भेजा जाएगा, इसके बाद ड्राइविंग लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
सख्ती से काम करेगी यातायात पुलिस
बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन और बाहर की गाडियों को रोकने के बजाय यातायात पुलिस यातायात के नियमों का पालन न करने वालों पर भी नजर रखेगी, इसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके।
Leave a comment