आगरालीक्स…आगरा में गहराया रेलवे बनाम चामुंडा देवी मंदिर विवाद. मुस्लिम भी आए मंदिर के पक्ष में. महंत से मुलाकात कर दिया साथ देने का वादा. डीआरएम कार्यालय पर पढ़ी गई हनुमान चालीसा
आगरा में राजा की मंडी रेलवे स्टेशन बनाम चामुंडा देवी मंदिर का विवाद दिन प्रतिदिन गहराता जा रहा है. रेलवे डीआरएम द्वारा मंदिर हटाने को लेकर जारी किए गए नोटिस के बाद से हिंदूवादी संगठनों ने विरोध करना शुरू कर दिया है. गुरुवार को मंदिर को लेकर हिंदूवादी संग्ठनों ने पहले ही चेतावनी दे दी है कि अगर मंदिर को कोई नुकसान हुआ तो सामूहिक आत्महत्या की जाएगी. महंत के साथ मिलकर विधायक और अधिकारियों से भी मुलाकात की जा रही है. शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने डीआरएम कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया. वहीं मंदिर के समर्थन में भाजपा नेत्री शबाना खंडेलवाल के साथ मुस्लिमों ने भी साथ देने का वादा किया. अलविदा जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोग चामुंडा देवी मंदिर पहुंचे और महंत से मुलाकात भी की.

डीआरएम कार्यालय पर सौंपा ज्ञापन
इधर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मंदिर हटाने के नोटिस के विरोध में डीआरएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा. हिंदूवादियों ने यहां हनुमान चालीसा का पाठ किया और डीआरएम की बुद्धि—शुद्धि के लिए प्रार्थना की. पूरे प्रकरण में डीआरएम आनंद स्वरूप ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित सफर के लिए मंदिर का स्थानांतरण जरूरी है. इस मामले में लगातार बातचीत कर हल निकालने का प्रयास किया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन को भी इसमें शामिल किया गया है. जिलाधिकारी से बातचीत की गई है. सर्वसहमति से उचित निर्णय लिया जाएगा.