आगरालीक्स…आगरा में आज 15 कोरोना केस मिले हैं तो पूरे यूपी में 269. सीएम योगी ने की कोविड की समीक्षा. ये दिए निर्देश
आगरा में बीते 24 घंटे में 15 नये कोरोना मरीज मिले हैं. एक्टिव केस अब 80 से पार हो गए हैं. बात अगर यूपी की करें तो यूपी में पिछले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में 269 नए केस की पुष्टि हुई, जिसमें, गौतमबुद्ध नगर में 117, गाजियाबाद में 55, लखनऊ में 26 और आगरा में 15 नए केस शामिल हैं. रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसको लेकर एक समीक्षा बैठक भी अधिकारियों के साथ की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए.

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में अब तक 11 करोड़ 14 लाख से अधिक कोविड टेस्ट हो चुके हैं, जबकि कोविड टीके की 31 करोड़ 48 लाख डोज लगाई जा चुकी हैं. 18+ आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 88% से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है. 15 से 17 आयु वर्ग में 95.33% से अधिक किशोरों को पहली खुराक मिल चुकी है और 66.84% किशोरों को दोनों डोज लग चुकी है. ट्रैक, टेस्ट, ट्रीट और टीकाकरण की नीति के सफल क्रियान्वयन से प्रदेश में कोविड महामारी पर प्रभावी नियंत्रण है. वर्तमान में प्रदेश में कुल 1,587 एक्टिव केस हैं, जिनमें 99 फीसदी लोग घर पर ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं.