आगरालीक्स …..आगरा में बंदरों और आवारा पशुओं से बचने के लिए लोगों ने लगवाई झटका मशीन, इसे चौकीदार मशीन भी कहते हैं, 12 वोल्ट का करेंट होता है, इससे बंदरों को झटका लगता है नुकसान नहीं होता।

आगरा में बंदरों के साथ आवारा पशुओं का भी आतंक है। पुराने शहर बेलनगंज से लेकर पॉश कॉलोनी कमला नगर, मोती कटरा, मदिया कटरा, शाहगंज सहित अधिकांश क्षेत्रों में बंदरों से लोग परेशान हैं। बंदरों के हमले से मौत भी हो चुकी है। ऐसे में लोगों ने अपने घर और बालकनी में झटका मशीन लगवाना शुरू कर दिया है।
ये है झटका मशीन
दरसअल, ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों को आवारा पशु नुकसान न पहुंचाएं, इसके लिए झटका या चौकीदार मशीन तैयार की गई है। इसे बिजली से चार्ज किया जाता है। इस मशीन से 12 वोल्ट का करेंट बनता है। मशीन से दो तार निकलते हैं, इन तारों को घर की छत, बालकॉनी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेत के चारों तरफ बल्ली लगाकर लगा दिया जाता है। जैसे ही बंदर और आवारा पशु इन तारों के संपर्क में आते हैं तो 12 वोल्ट का झटका लगता है। एक बार झटका लगने के बाद वे दोबारा नहीं आते हैं। इससे शरीर को कोई नुकसान नहीं होता है और यह मशीन भी महंगी नहीं है। आगरा में लोग अपने घर पर बंदरों से बचने के लिए झटका मशीन लगवाने लगे हैं।