आगरालीक्स…आगरा में बरस रही आग. आज का तापमान 46.4 °C. इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा शनिवार…जानिए आने वाले सप्ताह का मौसम अपडेट
आगरा में इस समय आग बरस रही है. दोपहर के समय लू चल रही है. बाहर निकलना मतलब खुद को बीमारी की चपेट में लाना जैसा हो रहा है. लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. सुबह से ही सूरज की किरणें तपिश बिखरेना शुरू कर देती हैं. दस बजे के बाद तो धूप में एक पल भी ठहरना तक मुश्किल हो रहा है. गर्मी के मारे लोगों की हालत खराब है. दोपहर को मजबूरी में ही लोग घर से बाहर निकल रहे हैं. गर्मी के तेवर कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं बल्कि और बढ़ रहे हैं. शनिवार का दिन इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक गर्म दिन रहा. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दोपहर में कॉलोनियों में सन्नाटा
शहर के मुख्य मार्गों को छोड़ दिया जाए तो शहर की कॉलोनियां आदि में दोपहर के समय सन्नाटा पसर जाता है. बच्चों के साथ महिलाएं घरों में खुद को कैद कर लेती हैं. इसके अलावा आफिस के लोग भी जरूरी काम से ही दोपहर के समय बाहर निकल रहे हैं. गर्मी के तेवर सुबह से ही शुरु हो जाते हैं जो कि शाम सात बजे तक रहते हैं.
आने वाले दिनों का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार गर्मी के तेवर फिलहाल कम होने की कोई संभावना नहीं है. रविवार को भी तापमान लगभग आज जैसा रहने की संभावना है. इसके बाद दो से तीन दिन तापमान में कुछ कमी आएगी लेकिन फिर भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक ही रहेगा. इसके बार फिर से लू चलने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.