आगरालीक्स…आगरा मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों के लिए काम तेजी से शुरू. राजा की मंडी स्टेशन के बाद आरबीएस कॉलेज के पास भी मेट्रो का काम शुरू…8 किमी. लंबी सुरग में बनेंगे 7 स्टेशन…पढ़ें पूरी खबर
आगरा मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशनों के लिए काम तेजी से शुरू कर दिया गया है. आगरा के तीन एलिवेटेड स्टेशनों के बाद अब अंडरग्राउंड स्टेशनों के लिए खुदाई शुरू कर दी गई है. आगरा फोर्ट के बाद राजा की मंडी रेलवे स्टेशन के पास काम शुरू हो गया है. सोमवार को आरबीएस कॉलेज के पास भी मेट्रो के काम ने गति पकड़ ली है.
8 किलोमीटर लंबी बनेगी सुरंग
आगरा में ताजमहल से आरबीएस तक 7 अंडरग्राउंड स्टेशन बनाए जाने हैं. इन सात स्टेशनों के लिए करीब 8 किलोमीटर लंबी सुरंग खोदी जाएगी. सबसे पहले प्रॉयरिटी कॉरिडोर पर चल रहे तीन भूमिगत स्टेशनों ताजमहल, आगरा फोर्ट और जामा मस्जिद के लिए काम होगा. इसके बाद चार अन्य स्टेशन एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी और आरबीएस कॉलेज भी अंडरग्राउंड है. ऐसे में ताजमहल से लेकर पहले जामा मस्जिद तक सुरंग बनाई जाएगी और फिर यहां से पुराने शहर हींग की मंडी होते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी होते हुए आरबीएस तक मेट्रो की सुरंग बनेगी.

ये हैं 7 अंडरग्राउंड स्टेशन
ताजमहल
आगरा फोर्ट
जामा मस्जिद
एसएन मेडिकल कॉलेज
आगरा कॉलेज
राजा की मंडी
आरबीएस कॉलेज
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे. ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा. जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है. इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए कालिंदी विहार क्षेत्र में डिपो का निर्माण किया जाएगा.