आगरालीक्स..आगरा के शिल्पग्राम में घूमने जाइए. ‘हुनर हाट’ लगा हुआ है. 32 राज्यों के कलाकारों के हुनर को देखेंगे तो मन हो जाएगा प्रसन्न..हर दिन जाने—माने कलाकार देंगे प्रस्तुति. देखिए कौन—कौन आ रहा है यहां
“कौशल को शान” और “कला को पहचान” दिलाता “कौशल कुबेरों का कारंवा”, “हुनर हाट” आगरा में 18 से 29 मई 2022 तक रहेगा. देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वदेशी दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों, कलाकारों के शानदार दुर्लभ हस्तनिर्मित उत्पादनों का 41वां “हुनर हाट”, आगरा के शिल्पग्राम, ताजगंज में 18 से 29 मई तक आयोजित किया जा रहा है. इस “कौशल कुबेरों के कुम्भ”, “हुनर हाट” का औपचारिक उद्घाटन कल 19 मई को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री एवं उपनेता, राज्यसभा, मुख्तार अब्बास नकवी; केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य वरिष्ठ मंत्री; सांसद, विधायक करेंगें.

आगरा में 12 दिनों तक चलने वाले इस “हुनर हाट” में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 800 से अधिक दस्तकार, शिल्पकार, कारीगर शामिल हुए हैं। नकवी ने कहा कि देश भर में आयोजित किया जा रहा “हुनर हाट” जहाँ एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल”, “स्वदेशी से स्वावलम्बन” का सशक्त संकल्प है वहीँ दूसरी ओर देश की सदियों पुरानी कला-कौशल की विरासत के “संरक्षण, संवर्धन का सार्थक प्रकल्प” है। नकवी ने कहा कि “हुनर हाट” ने जाति, क्षेत्र, धर्म की सीमाओं को तोड़ कर समाज के सभी वर्गों के लगभग 10 लाख 50 हजार दस्तकारों, शिल्पकारों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये हैं। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक महिला कारीगर शामिल हैं।

आनलाइन भी देख सकेंगे हुनर हाट
श्री नकवी ने कहा कि “हुनर हाट” ई प्लेटफार्म http://hunarhaat.org के साथ ही भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के GeM (गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस) पोर्टल पर भी देश-विदेश के लोगों के लिए उपलब्ध है जहाँ लोग सीधे दस्तकारों, शिल्पकारों, कारीगरों के बेहतरीन स्वदेशी सामानों को देख-खरीद रहे हैं। “हुनर हाट” को ई प्लेटफार्म और GeM पोर्टल पर ले जाने के बहुत ही जबरदस्त परिणाम आये हैं, दस्तकारों, शिल्पकारों को बड़े पैमाने पर ऑनलाइन ऑर्डर मिल रहे हैं. उन्होंने कहा कि आगरा के “हुनर हाट” में मिट्टी, कांच, लकड़ी, बांस, बेंत, पीतल, ताम्बे, रॉट आयरन, चन्दन आदि से बनें हस्तनिर्मित शानदार दुर्लभ उत्पादनों के अलावा “विश्वकर्मा वाटिका”, देश के जाने-माने और उभरते कलाकारों के शानदार गीत-संगीत के कार्यक्रम, लेजर शो, परंपरागत सर्कस, मनमोहक सेल्फी पॉइंट्स आदि आकर्षण हैं. “मेरा गांव, मेरा देश” (फ़ूड कोर्ट) में एक ही जगह पूरे भारत के लज़ीज़ जायकों का लुत्फ़ मिलेगा.
कार्यक्रम भी आयोजित होंगे
आगरा में आयोजित “हुनर हाट” में प्रत्येक दिन जाने-माने कलाकारों द्वारा विभिन्न गीत-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगें. शैलेन्द्र सिंह, पंकज उधास, दलेर मेहँदी, अल्ताफ राजा, तलत अज़ीज, मोहित चौहान, रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर, भूमि त्रिवेदी, पूर्णिमा श्रेष्ठ, राजू श्रीवास्तव, निज़ामी बंधू, प्रतिभा सिंह बघेल, दिलबाग सिंह, नेहा खान, मोहित खन्ना, रेखा राज, पी. गणेश, बेला सुलेखा, अंकिता पाठक, जॉली मुख़र्जी, अदिति खांडेगल, हेमा सरदेसाई, भूपिंदर सिंह भुप्पी, अनिल भट्ट, हंसिका अय्यर, प्रिया मलिक, रितेश मिश्रा, भूमिका मलिक, आशु बजाज, विवेक मिश्रा, राहुल जोशी, सुप्रिया जोशी आदि अपने गीत-संगीत-परंपरागत नृत्य एवं हास्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगें.

इस 41वें “हुनर हाट” के उद्घाटन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय, श्रीमती बेबी रानी मौर्य और श्री धर्मवीर प्रजापति; राज्यसभा सांसद श्री हरद्वार दुबे; लोकसभा सांसद श्री राजकुमार चाहर; आगरा के मेयर श्री नवीन जैन; आगरा कैंट विधायक डा. जी. एस. धर्मेश; आगरा नार्थ विधायक श्री पुरषोत्तम खंडेलवाल; बाह विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह; एत्मादपुर विधायक डा. धर्मपाल सिंह; फतेहाबाद विधायक श्री छोटे लाल वर्मा; फतेहपुर सीकरी विधायक श्री बाबूलाल चौधरी; खेरागढ़ विधायक श्री भगवान सिंह कुशवाहा; विधान परिषद सदस्य डा. आकाश अग्रवाल एवं श्री विजय शिवहरे; भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गिर्राज सिंह; महानगर अध्यक्ष श्री भानु महाजन; एससी/एसटी आयोग के अध्यक्ष डा. रामबाबू हरित; अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अशफाक सैफी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहेंगें।