आगरालीक्स…विवि की मुख्य परीक्षाओं में सख्ती. चैकिंग के दौरान एक परीक्षा केंद्र निरस्त. कॉलेज में झुंड बनाकर बैठे थे स्टूडेंट…उच्च शिक्षा अधिकारी ने भी देखीं व्यवस्थाएं
आगरा के विवि की मुख्य परीक्षाओं में पेपर लीक की घटना के बाद सख्ती बढ़ा दी गई है. शासन के साथ उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा दिए गए सख्ती के निर्देशों का असर केंद्रों पर दिखाई देने लगा है. बुधवार को परीक्षा के दौरान एक कॉलेज में छात्र झुंड बनाकर बैठे हुए थे. चैकिंग में ये सब पकड़े जाने पर परीक्षा केंद्र बने कॉलेज को तत्काल निरस्त कर दिया गया है.
ये कॉलेज हुआ निरस्त
श्री कृष्ण योगीराज महाविद्यालय सिकंदराराउ, हाथरस ( कोड 149 ) का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया गया है. इस महाविद्यालय में द्वितीय पाली में विद्यार्थी झुंड बनाकर बैठे थे और ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह आपस में एक दूसरे के साथ बैठकर प्रश्न पत्र हल कर रहे हैं. प्रोफेसर मनु प्रताप सिंह द्वारा नियंत्रण कक्ष पर इस प्रकार के दृश्य देखकर तत्काल प्रति कुलपति और कुलसचिव जी सूचित किया गया. प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने कड़ा निर्णय लेते हुए इस परीक्षा केंद्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है.
रेखा रानी तिवारी ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक
कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के निर्देश पर क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर रेखा रानी तिवारी द्वारा सभी नोडल केंद्रों पर राजकीय और अनुदानित महाविद्यालयों के वरिष्ठ शिक्षकों को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है. प्रोफेसर रेखा रानी ने बताया कि यह सभी पर्यवेक्षक तीनों पालियों में नियमित रूप से उपस्थित रहकर अपने सामने स्ट्रांग रूम खुलवाते हैं और प्रश्न पत्र वितरण का कार्य अपनी देखरेख में सुनिश्चित करते हैं. आगे उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी नोडल केंद्रों पर जाकर पर्यवेक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कर रही हैं और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से भी उनकी टीम नोडल केंद्रों की निगरानी कर रही है.