आगरालीक्स…आगरा में प्रेमिका से शादी न होने पर यमुना में कूदा प्रेमी. रातभर पुलिस और परिजन नदी में तलाशते रहे. सुबह पता चला—वो तो मोहल्ले में घूम रहा है
आगरा में प्रेमिका से शादी न होने पर एक प्रेमी ने यमुना में छलांग लगा दी. लोगों ने उसे नदी में कूदते देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस और परिजन देर रात तक नदी में उसकी खोजबीन करते रहे. सुबह जानकारी मिली कि प्रेमी युवक मोहल्ले में घूम रहा है. इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और शांतिभंग में उसका चालान कर दिया.

मामला बल्केश्वर का है. यहां रहने वाला 18 साल का युवक मोहल्ले की एक ही एक युवती से प्यार करता है. वह उससे शादी करना चाहता है लेकिन इसके खुद के परिजन इससे खफा हैं. वह युवती से रिश्ता नहीं रखना चाहते. लेकिन प्रेमी युवक बुधवार को फिर से युवती के साथ शादी करने की जिद करने लगा. इस पर उसका अपने भाइयों के साथ झगड़ा हो गया. इसके बाद वह बिना बताए घर से निकल गया और यमुना नदी में छलांग लगा दी. एक राहगीर ने उसे यमुना में कूदते देख लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दे दी. सूचना पर युवक के परिजन भी वहां आ गए. देर रात तक पुलिस और परिजन यमुना में युवक की तलाश करते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला.
आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जिस युवक को पुलिस नदी में तलाश कर रही है वह तो मोहल्ले में ही घूम रहा है. इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और शांतिभंग में उसका चालान कर दिया. पुलिस का कहना है कि नदी में पानी कम होने के कारण वह बच गया और वहां से चला गया. लोगों ने उसे कूदते हुए तो देखा लेकिन नदी में से निकलते हुए नहीं देखा. रात को वह एक बाग में सो गया था.