आगरालीक्स…आगरा के डॉ. रामशंकर उपाध्याय और अशोक कुमार चौबे को प्रयागराज में सम्मानित किया गया है. नारी अस्मिता एवं आत्मनिर्भर भारत पर हुई संगोष्ठी
प्रयागराज में किया गया सम्मानित
स्वाति फाउंडेशन एवं कमला ग्राम विकास संस्थान के तत्वाधान में नारी अस्मिता एवं आत्मनिर्भर भारत पर संगोष्ठी का आयोजन प्रयागराज में किया गया, जिसमें स्वीडन के वैज्ञानिक डॉ. राम शंकर उपाध्याय एवं जिला शासकीय अधिवक्ता अशोक कुमार चौबे को सम्मानित किया गया. डॉ. राम मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं और कोरोना काल में उन्होंने समाज के हर व्यक्ति की हर सम्भव मदद की. उन्हें आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से रोगों के उपचार में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया. इसके साथ ही अधिवक्ता अशोक कुमार चौबे को समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अक्षवट सम्मान से सम्मानित किया गया.

हाईकोर्ट के जज ने किया सम्मानित
हाई कोर्ट के न्यायाधीश पीयूष अग्रवाल ने इस दौरान दोनों हस्तियों को सम्मानित किया. समारोह में काशी क्षेत्र सह प्रान्त प्रचारक मुनीश, महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी, पूर्व मंत्री स्वाति सिंह, अजीत सिंह, अजीत विक्रम सिंह मौजूद रहे. इस दौरान डॉ. राम ने अपने वक्तव्य में बच्चों में आविष्कारक मानसिकता को पनपाने के गुण साझा किए. अशोक चौबे ने अपने वक्तव्य में कहा कि नारी आत्मनिर्भर होंगी तो पूरा समाज आत्मनिर्भर बनेगा और भारत को एक नई दिशा एवम दशा मिलेगी. कार्यक्रम में पूर्व मंत्री स्वाति सिंह ने किशोरियों एवं महिलाओं में माहवारी के दौरान स्वच्छता सम्बन्धी जागरूकता पर बल देते हुए फाउंडेशन द्वारा किये जाने वाले प्रयासों के सम्बंध में जानकारी प्रदान की.