आगरालीक्स…आगरा में आज भी चली लू. पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार. कल और बढ़ सकती है गर्मी. जानिए 14 जून तक का मौसम अपडेट….
आगरा इस समय गर्मी से दहक रहा है. राहत की कोई संभावना दिखाई नहीं दे रही है. सुबह से सूरज की तेज किरणें तपिश बिखेरना शुरू कर देती हैं जो कि दोपहर में लू बन जाती हैं. गर्मी के कारण लोगों के हाल खराब है. दिन में कहीं भी निकलना संभव नहीं हो रहा है. इमरजेंसी काम से या फिर कोई अन्य जरूरी काम से ही लोगों को दिन के समय घर से बाहर निकलना पड़ रहा है. लोग छुट्टियों का मजा लेने के लिए हिल स्टेशंस की ओर रुख कर रहे हैं. लेकिन आगरा भीषण गर्मी के कारण जल रहा है. दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान यानी रात के तापमान में सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी गई है. न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है. गुरुवार को आगरा का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को भी क्रॉस कर सकता है. वहीं 14 जून तक आगरा का तापमान रात का 30 डिग्री सेल्सियस और दिन में 45 डिग्री सेल्सियस के करीब ही रहने की संभावना है. बारिश के फिलहाल कोई चांस आगरा में नहीं बन रहे हैं, जिससे कि लोगों को गर्मी से राहत मिले.