आगरालीक्स…आगरा में होटल, शोरूम के बाद अब गोदाम पर एडीए ने लगाई सील. बिना नक्शा पास निर्माण पर की कार्रवाई.
आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से लगातार अवैध निर्माणों और बिना नक्शा पास निर्माणों पर सील की कार्रवाई की जा रही है. धांधुपुरा में संचालित होटल, हाइवे पर संचालित ट्रैक्टर शोरूम को सील करने के बाद शुक्रवार को एडीए ने वार्ड छत्ता में गोदाम पर सीलिंग की कार्रवाई की. यहां 350 वर्ग गज में दीवारों का निर्माण किया जा चुका है और अब शटरिंग का कार्य कराया जा रहा था. एडीए ने बिना नक्शा के निर्माण करने पर सील लगा दी है. टीम ने यहां अप्रैल में स्थलीय निरीक्षण किया था. इसके बाद दीपक गुप्ता निवासी नगला आशा पोइया हाथरस रोड को प्रत्यावेदन आख्या दी गई.

दीपक कोई स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखा पाए. सुनवाई के दौरान विपक्षी के अनुपस्थित रहने पर शुक्रवार को एडीए की टीम ने सीलबंद की कार्रवाई कर दी. जेएस सुशीला अग्रवाल के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई. इस मौके पर सहायक अभियंता सतीश कुमार, जेई मनोज मिश्रा, यूएन पांडेय और प्राधिकरण का सचल दस्ता मौजूद रहा.