आगरालीक्स…दुबई के बुर्ज खलीफा की चोटी पर होगा हरिनाम संकीर्तन. शार्क एक्यूरियम और घने जंगल अल्बुकाशी में भी गूंजेगा संकीर्तन. मथुरा की टीम दुबई के लिए रवाना.
भागवत कथा के जरिए दुनिया को सनातन संस्कृति की सीख देने वाले मथुरा के एक कथावाचक अब दुबई में अपनी टीम के साथ हरिनाम संकीर्तन करेंगे. यहां बुर्ज खलीफा की चोटी से लेकर समुद्र में बने शार्क एक्यूरियम और घने जंगल अल्बुकाशी में संकीर्तन का एडवेंचन किया जाएगा. इसकी अनुमति मिलने के बाद मथुरा की टीम दुबई के लिए रवाना हो गई है.

सनातन संस्कृति की पताका फहराएंगे
कैलाश नगर स्थित प्रिया प्रियतम धाम के संस्थापक कथावाचक कृष्ण किंकर धर्म प्रसार के लिए अब अपनी टीम के साथ दुबई में हरिनाम संकीर्तन करेंगे. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जुलाई में वे दुबई के दौरे पर रहेंगे और दुबई के बुर्ज खलीफा के शिखर पर हरिनाम संकीर्तन करेंगे. बुर्ज खलीफा की चोटी पर केवल दो लोगों को ही पहुंचने की अनुमति है. इसके अलावा पांच सदस्य पैराग्लाइडिंग के जरिए हवा में हरिनाम संकीर्तन करेंगे. वहीं दुबई के शार्क एक्यूरियम में शार्क के सामने और घने जंगल अल्बुकाशी में भी पशु—पक्षियों के सामने संकीर्तन किया जाएगा. इसकी अनुमति मिल गई है और शनिवार को यह टीम दुबई के लिए रवाना हो गई.
ये हैं टीम में शामिल
दुबई में संकीर्तन करने वाली टीम में कथावाचक कृष्णकिंकर के साथ डॉ. आकाश माहेश्वरी, पुरुषार्थ, अभिषेक व कपिल शामिल हैं. टीम की व्यवस्था से लेकर प्रचार—प्रसार की जिम्मेदारी कान्हा अकादमी के निदेशक अनूप शर्मा करेंगे.